परिसीमन बिल से महिला आरक्षण लागू होने का मार्ग प्रशस्त होगा : योगी
प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय कैबिनेट का सीएम योगी ने जताया आभार, उत्तर प्रदेश के सभी 80 सांसदों से विधेयक के समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता साफ होगा। इसकी महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात यथावत रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को प्रारंभिक तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। भारत की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की यह ऐतिहासिक और स्वागत योग्य पहल है।
सभी 80 सांसदों से समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि वे नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें। नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है। यह आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का सुनहरा अवसर है। सभी जनप्रतिनिधियों को इस महत्वपूर्ण पहल में अपना समर्थन और सहयोग देना चाहिए।
देश हित में है महिला आरक्षण-परिसीमन बिल
महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर महिला आरक्षण में बाधा डालने का आरोप लगाया। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सपा और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि दोनों दल महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहते।
मौर्य ने कहा कि आजादी के बाद से देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में जो प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था, उसमें कांग्रेस और वर्तमान में उसके सहयोगी दलों ने बाधा डालने का काम किया है। समाजवादी पार्टी भी इसमें आगे है।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 पारित होने के बाद जब महिलाओं को आरक्षण का लाभ देने का समय आया और इसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया, तब जिन दलों ने इसका विरोध किया, देश की मातृशक्ति निश्चित तौर पर उन्हें याद रखेगी।
अखिलेश यादव की दोहरी मानसिकता
सपा प्रमुख पर आरोप लगाते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव कहते हैं कि वे महिलाओं के साथ खड़े हैं। अपने घोषणा पत्र में भी यही बात कहते हैं, लेकिन संसद में जब महिलाओं के लिए बिल आता है तो वह लगातार इसका विरोध करते हैं। इससे अखिलेश यादव की दोहरी मानसिकता सामने आ चुकी है। हम महिला आरक्षण के मुद्दे पर महिलाओं के साथ खड़े हैं।

