झारखंड में रील बनाने की कीमत जान देकर चुकाई, मोबाइल इस्तेमाल से नाराज माता-पिता ने 14 साल की बेटी की हत्या की
Jharkhand Crime News: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मोबाइल फोन का ज्यादा इस्तेमाल करने और सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर नाराज माता-पिता पर अपनी 14 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने बेटी के शव को एक सुनसान खदान में फेंक दिया था और उसके लापता होने की कहानी बनाकर ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
10 नवंबर को की गई थी बेटी की हत्या
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान कनकलता मुर्मू के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। आरोप है कि 10 नवंबर को माता-पिता ने डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव स्थित एक निर्जन खदान में फेंक दिया। करीब तीन दिन बाद यानी 13 नवंबर को खदान से किशोरी का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बेटी के लापता होने की कहानी बनाकर पुलिस को किया गुमराह
आरोप है कि बेटी की हत्या के बाद दंपति ने उसके लापता होने की बात कहकर ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, शव बरामद होने के बाद माता-पिता के संदिग्ध व्यवहार से पुलिस को उन पर शक हुआ।
शुरुआत में ठोस सबूत नहीं मिलने के कारण पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पूछताछ में कबूल किया अपराध, दोनों गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गहन जांच के बाद दंपति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने रवींद्र मुर्मू और उसकी पत्नी सुमनी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने भी दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
हत्या के बाद ग्रामीणों ने किया था सड़क जाम
घटना का खुलासा होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों ने अगले दिन भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर विरोध जताया था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस वारदात में आरोपी माता-पिता के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

