WhatsApp का नया फीचर, अब पहले से शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज, फोटो और वीडियो भेजने की भी मिलेगी सुविधा, जानें कैसे करेगा काम
WhatsApp के नए फीचर की 7 बड़ी खूबियां
वॉट्सएप यूजर्स के लिए मैसेज भेजना अब पहले से ज्यादा आसान हो सकता है। कंपनी एक नए फीचर पर काम कर रही है, जिसके जरिए यूजर्स मैसेज भेजने की तारीख और समय पहले से तय कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस सुविधा के तहत केवल टेक्स्ट मैसेज ही नहीं, बल्कि फोटो और वीडियो भी शेड्यूल किए जा सकेंगे। यानी यूजर जिस समय मैसेज भेजना चाहता है, उसी समय वह अपने आप सामने वाले व्यक्ति तक पहुंच जाएगा।
इस फीचर की मदद से यूजर्स 10 मिनट से लेकर 14 दिन पहले तक मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे। यह सुविधा व्यक्तिगत चैट के साथ ग्रुप चैट में भी काम करेगी। कंपनी फिलहाल इसे चुनिंदा यूजर्स के लिए जारी कर रही है। आने वाले हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से इसे सभी यूजर्स तक पहुंचाने की योजना है।
WhatsApp पर मैसेज कैसे शेड्यूल कर सकेंगे?
नए फीचर के आने के बाद मैसेज शेड्यूल करने की प्रक्रिया काफी आसान होगी। इसके लिए यूजर्स को संबंधित चैट खोलकर अपना मैसेज लिखना होगा। इसके बाद सेंड बटन के जरिए शेड्यूलिंग का विकल्प चुनना होगा। अब यूजर को मैसेज भेजने की तारीख और समय निर्धारित करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मैसेज तय समय पर अपने आप भेज दिया जाएगा। इसके लिए यूजर को उस समय ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी।
WhatsApp के नए फीचर की 7 बड़ी खूबियां
1. 14 दिन पहले तक कर सकेंगे शेड्यूल : यूजर्स 10 मिनट से लेकर 14 दिन तक आगे के लिए मैसेज भेजने का समय तय कर सकेंगे।
2. निजी और ग्रुप चैट में सुविधा : इस फीचर का इस्तेमाल व्यक्तिगत बातचीत और वॉट्सएप ग्रुप दोनों में किया जा सकेगा।
3. फोटो और वीडियो भी होंगे शेड्यूल : यूजर्स टेक्स्ट के अलावा फोटो और वीडियो जैसी मीडिया फाइलें भी पहले से भेजने के लिए तय कर सकेंगे।
4. तय समय पर अपने आप जाएगा मैसेज : निर्धारित तारीख और समय पर मैसेज ऑटोमैटिक तरीके से भेजा जाएगा।
5. ऑफलाइन रहने पर भी सुविधा : यूजर को मैसेज भेजने के निर्धारित समय पर ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी। फोन बंद होने या बैटरी खत्म होने की स्थिति में भी मैसेज पहुंचने का दावा किया गया है।
6. भेजने से पहले डिलीट करने का विकल्प : अगर यूजर की योजना बदल जाती है तो वह मैसेज भेजे जाने से पहले उसे हटा सकेगा।
7. एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुरक्षा : शेड्यूल किए गए मैसेज भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे।
जन्मदिन की बधाई से ऑफिस रिमाइंडर तक आएगा काम
वॉट्सएप का यह फीचर रोजमर्रा के कई कामों में उपयोगी साबित हो सकता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी दोस्त या रिश्तेदार का जन्मदिन है तो यूजर रात में ही बधाई का मैसेज लिखकर सुबह भेजने के लिए शेड्यूल कर सकता है। इसी तरह शादी की सालगिरह, त्योहारों और दूसरे खास मौकों के लिए भी पहले से मैसेज तय किए जा सकेंगे। ऑफिस से जुड़े कामों में मीटिंग, अपॉइंटमेंट और जरूरी सूचनाओं के रिमाइंडर भेजना आसान होगा। बिजनेस और ऑफिस ग्रुप में भी महत्वपूर्ण संदेश पहले से शेड्यूल किए जा सकेंगे। अलग-अलग टाइम जोन में रहने वाले लोगों के लिए भी यह सुविधा उपयोगी हो सकती है। इससे यूजर अपनी सुविधा के अनुसार मैसेज तैयार करके उचित समय पर भेज सकेंगे।
कब तक सभी यूजर्स को मिलेगा फीचर?
वॉट्सएप ने 26 नवंबर से भारत समेत दुनियाभर में इस फीचर का रोलआउट शुरू किया है। फिलहाल यह सुविधा चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। कंपनी आने वाले हफ्तों में इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य यूजर्स तक पहुंचा सकती है। यूजर्स को अपने वॉट्सएप का अपडेटेड वर्जन इस्तेमाल करना होगा। हालांकि, अपडेट करने के बाद भी यह फीचर सभी को तुरंत मिले, यह जरूरी नहीं है।
क्या होता है एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन?
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन मैसेज की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल की जाने वाली तकनीक है। इसमें मैसेज को एक विशेष कोड में बदल दिया जाता है, जिसे केवल भेजने वाला और प्राप्त करने वाला ही पढ़ सकता है। इसका उद्देश्य मैसेज की गोपनीयता बनाए रखना है, ताकि कोई तीसरा व्यक्ति बातचीत के वास्तविक कंटेंट को न पढ़ सके। वॉट्सएप पर भेजे जाने वाले मैसेज की सुरक्षा के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है।

