1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. share-bazaar-25november-sensex-nifty

सेंसेक्स 1502 अंक उछला, निफ्टी में भी जोरदार तेजी: इन 5 वजहों से बाजार में लौटी रौनक!

share market 25 november
Share Market 25 November : भारतीय शेयर बाजार में 25 नवंबर, बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1502 अंक यानी 1.82 फीसदी बढ़कर 83938 पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 470 अंकों (1.85 फीसदी) की मजबूती के साथ 25819 के स्तर पर बंद हुआ। ALSO READ: सोना चांदी में भारी गिरावट, अब तक 32 फीसदी सस्ता हुआ सोना, जानिए क्या करें?
 
कारोबारी सत्र के दौरान एक समय BSE का सेंसेक्स करीब 2,050 अंकों की छलांग लगाकर 84,500 के स्तर पर पहुंच गया था। वहीं, NSE का निफ्टी भी 600 अंकों की मजबूती के साथ 25,950 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। हालांकि इसके बाद बाजार में जमकर मुनाफा वसूली भी हुई।
 
बैंकिंग, आईटी और FMCG शेयरों में मजबूत खरीदारी के दम पर बाजार में आज बड़ी तेजी आई। ICICI बैंक, HDFC बैंक, इंफोसिस और बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों ने बढ़त को सहारा दिया। ऑयल एंड गैस और फार्मा शेयरों में भी तेजी दिखाई दी।
 

आज शेयर बाजार में आई इस बड़ी तेजी के 5 प्रमुख कारण:

कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट: अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल 1.42% फिसलकर 90.12 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। नवंबर महीने में अब तक कच्चा तेल करीब 23% सस्ता हो चुका है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश तेल आयात करता है, ऐसे में कीमतें घटने से देश का आयात बिल और महंगाई कम होने की उम्मीद बढ़ी है।
 
विदेशी निवेशकों (FII) की रिकॉर्ड खरीदारी: विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पिछले कारोबारी सत्र में 5,673 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसके साथ ही नवंबर में अब तक भारतीय बाजार में विदेशी निवेश 1.22 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। मजबूत भारतीय अर्थव्यवस्था को देखते हुए विदेशी फंडों ने खरीदारी की रफ्तार तेज कर दी है।
 
बैंकिंग और आईटी शेयरों में जोरदार लिवाली: HDFC बैंक, ICICI बैंक और एक्सिस बैंक में खरीदारी के चलते निफ्टी बैंक 2% से ज्यादा चढ़ा है। दूसरी ओर, इंफोसिस और टीसीएस की तेजी के दम पर आईटी इंडेक्स लगातार तीसरे दिन भाग रहा है। ग्लोबल निवेशक अब महंगे AI शेयरों से मुनाफावसूली कर भारतीय कंपनियों में पैसा लगा रहे हैं।
 
डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत: विदेशी निवेश बढ़ने और कच्चा तेल सस्ता होने का सीधा फायदा भारतीय मुद्रा को मिला है। रुपया 23 पैसे मजबूत होकर 92.62 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है। रुपये की मजबूती ने विदेशी पूंजी के प्रवाह को लेकर बाजार में सकारात्मक संकेत दिया है।
 
'इंडिया विक्स' नीचे आया: बाजार में अस्थिरता और निवेशकों के डर को मापने वाला इंडेक्स 'इंडिया विक्स' (India VIX) 3% से ज्यादा गिरकर 17.10 पर आ गया। इसका सीधा अर्थ है कि बाजार में अनिश्चितता का माहौल कम हो रहा है और निवेशक पूरे आत्मविश्वास के साथ खरीदारी कर रहे हैं।
अगला लेख
जनक दीदी की शादी की 38वीं सालगिरह पर कार्यशाला : 'सस्टेनेबल मैरिज के लिए सस्टेनेबल विकल्प'