WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए अलर्ट, पब्लिक कंप्यूटर पर न करें यह गलती, वरना हैक हो सकता है अकाउंट
अगर आप ऑफिस, साइबर कैफे, होटल या किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाइए। काम पूरा होने के बाद सिर्फ ब्राउजर या टैब बंद करना आपके WhatsApp अकाउंट को सुरक्षित नहीं करता। अगर आपने लॉगआउट नहीं किया है तो कोई दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट का इस्तेमाल कर सकता है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने सोमवार को इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर यूजर्स को सतर्क किया है। I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने चेतावनी दी है कि पब्लिक या साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web का लॉगइन सेशन खुला रहने पर साइबर अपराधी अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बना सकते हैं।
WhatsApp Web से क्या-क्या खतरे हो सकते हैं?
I4C के मुताबिक, अगर किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web का लॉगइन सेशन सक्रिय है तो दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर सकता है। इसके जरिए साइबर अपराधी:
- आपकी निजी चैट और मैसेज पढ़ सकते हैं।
- आपके नाम से दूसरे लोगों को मैसेज भेज सकते हैं।
- आपके कॉन्टैक्ट और ग्रुप बातचीत तक पहुंच सकते हैं।
- आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों के साथ धोखाधड़ी कर सकते हैं।
- फिशिंग लिंक भेजकर लोगों की निजी और वित्तीय जानकारी चुरा सकते हैं।
इस तरह साइबर अपराधी आपके भरोसेमंद संपर्कों को निशाना बना सकते हैं। आपके नाम से भेजे गए मैसेज पर लोग आसानी से भरोसा भी कर सकते हैं।
सिर्फ टैब या ब्राउजर बंद करना काफी नहीं
I4C ने खास तौर पर बताया है कि WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर विंडो या टैब बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। ऐसा करने से लॉगइन सेशन जरूरी नहीं कि समाप्त हो जाए।
इसलिए हर बार इस्तेमाल के बाद WhatsApp Web से मैन्युअली लॉगआउट करना जरूरी है।
WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
साइबर सुरक्षा एजेंसी ने यूजर्स को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
1. पब्लिक कंप्यूटर पर लॉगइन करने से बचें: साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर, पब्लिक कियोस्क या अनजान कंप्यूटर पर WhatsApp Web खोलने से बचें।
2. हर बार लॉगआउट करें: काम पूरा होने के बाद WhatsApp Web से लॉगआउट जरूर करें। केवल टैब बंद करके कंप्यूटर न छोड़ें।
3. प्राइवेट ब्राउजिंग का इस्तेमाल करें: अगर किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो तो Incognito या Private Browsing मोड का उपयोग करें।
4. संवेदनशील जानकारी साझा न करें: सरकारी, वित्तीय, गोपनीय या कार्यालय से जुड़ी संवेदनशील जानकारी WhatsApp Web के जरिए कंप्यूटर पर साझा करने से बचें।
5. अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रखें: अगर आपके अकाउंट से अचानक किसी को मैसेज भेजा जा रहा है या संपर्कों की ओर से असामान्य जवाब मिल रहे हैं तो इसे गंभीरता से लें।
6. डिवाइस और ब्राउजर अपडेट रखें: अपने कंप्यूटर, ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें।
WhatsApp Web पर लॉगइन डिवाइस कैसे चेक करें?
अगर आपको शक है कि आपका WhatsApp किसी दूसरे कंप्यूटर पर खुला हुआ है तो आप अपने फोन से लिंक्ड डिवाइस की जांच कर सकते हैं।

