1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. pm-modi-statement-on-gold-price-drop-will-gold-become-cheaper-1-year-rate-comparison

Gold Rate: मेरे कहने से सोना नहीं खरीदा तो टूट गए दाम... क्या PM मोदी के बयान के बाद और सस्ता होगा सोना?

Narendra Modi Gold
लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट का श्रेय देशवासियों की समझदारी को देते हुए कहा कि लोगों ने उनकी अपील मानकर सोने की खरीदारी कम की, जिससे आज इसके दाम टूट गए हैं। शादियों के सीजन के बीच पीएम मोदी के इस बयान और बाजार में आई लगभग 30 प्रतिशत की गिरावट के बाद अब हर किसी के मन में यही सवाल है कि क्या आने वाले दिनों में सोना और सस्ता होगा? 
 
दरअसल, भारतीय सर्राफा बाजार में इन दिनों सोने की कीमतों में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। इसी बीच, शनिवार (21 नवंबर 2026) को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'कौशल दीक्षांत समारोह' को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोने की गिरती कीमतों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने देशवासियों की सराहना करते हुए कहा कि लोगों ने उनकी पुरानी अपील पर भरोसा किया, जिससे न केवल देश और आम लोगों के पैसे बचे, बल्कि सोने के दाम भी नीचे आ गए।   क्या कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने?

तब लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था, लेकिन... 

समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने याद दिलाया कि उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि यदि बहुत आवश्यक न हो, तो वे एक साल तक सोना न खरीदें। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैंने यह बात कही थी, तब कई लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था। लेकिन एक सामान्य व्यक्ति के तौर पर की गई मेरी अपील को देशवासियों ने माना और सोने की खरीदारी कम कर दी। इसका नतीजा यह हुआ कि आज गोल्ड के दाम टूट गए हैं।
 
अब लोग खुद मुझसे आकर कहते हैं कि मोदी जी, आपकी बात मानने से हमारे पैसे बच गए। मोदी ने देशवासियों की इस भावना की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की ऐतिहासिक अपील से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह शास्त्री जी के कहने पर देश ने एक समय का भोजन छोड़ दिया था, उसी तरह आज भी हमारे देश का चरित्र वही है और लोग राष्ट्रहित में की गई अपील को स्वीकार करते हैं।

रिकॉर्ड ऊंचाई से करीब 30% टूटा सोना

बाजार के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले एक साल में सोने की कीमतों ने ऐतिहासिक उतार-चढ़ाव देखा गया है। साल 2026 की शुरुआत में वैश्विक तनाव और निवेशकों की भारी खरीदारी के चलते 24 कैरेट सोने का भाव लगभग 1.78 लाख रुपए से 1.80 लाख प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था। लेकिन अब कीमतों में बड़ी गिरावट (करेक्शन) आई है और सोना एक बार फिर लगभग एक साल पुराने स्तर (लगभग 1 लाख 23 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम) के करीब लौट आया है।

क्या और घटेंगे सोने के दाम?

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट के पीछे घरेलू मांग में कमी के साथ-साथ कई बड़े वैश्विक आर्थिक कारक भी जिम्मेदार हैं। कमोडिटी विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 19 महीने के उच्च स्तर (लगभग 104) के करीब पहुंच गया है और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दिसंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना प्रबल हुई है। डॉलर मजबूत होने और बॉन्ड यील्ड बढ़ने से सोने का आकर्षण कम हुआ है, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार (Comex) में सोना $5,586 प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर से फिसलकर $4,000 प्रति औंस के नीचे आ गया है।

निवेशकों की मुनाफावसूली

जनवरी 2026 में जिस तेजी से सटोरियों और निवेशकों ने सोना खरीदा था, अब नकदी (Liquidity) जुटाने के लिए उतनी ही तेजी से बिकवाली (Selling Pressure) हो रही है। बाजार के जानकारों का अनुमान है कि निकट भविष्य में सोने में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। कुछ विश्लेषकों ने घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोने के लिए अगला सपोर्ट लेवल 1.15 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास तय किया है। यानी यदि वैश्विक दबाव जारी रहता है, तो कीमतों में थोड़ी और नरमी देखने को मिल सकती है।

हालांकि, भारत में 20 नवंबर से शादी का सीजन शुरू हो चुका है, जिससे निचले स्तरों पर आभूषणों की खरीदारी बढ़ने पर कीमतों को सहारा भी मिल सकता है। हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि जो लोग शादी-ब्याह या निवेश के लिए सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, वे एकमुश्त खरीदारी करने के बजाय बाजार की गिरावट के साथ किस्तों में खरीदारी करने की रणनीति अपना सकते हैं।

मोदी ने 11 मई को जारी किया था वीडियो संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 मई को एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। उस समय मल्टीकमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का भाव 1.52 लाख प्रति 10 ग्राम था। फिलहाल यह कीमत 1.22 लाख प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। मई से अब तक सोने के भाव में करीब 30 हजार रुपए की बड़ी गिरावट आ चुकी है। 
अगला लेख
पहाड़ों में आतंकियों को रसद पहुंचाने वाले OGW नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा