23 सितंबर से ईरानी एयरलाइंस पर बड़ा संकट, अमेरिका ने दी सख्त चेतावनी, मदद करने वाले देशों पर भी गिरेगी गाज
अमेरिका ने ईरान के विमानन क्षेत्र पर शिकंजा कसते हुए 23 सितंबर से वैश्विक स्तर पर ईरानी एयरलाइंस का संचालन ठप करने की चेतावनी दी है। अमेरिकी प्रतिबंधों का समर्थन न करने या ईरानी विमानों को ईंधन-सुविधा देने वाले देशों और कंपनियों को डॉलर आधारित वित्तीय प्रणाली से बाहर किया जाएगा। ALSO READ: क्या पाकिस्तान में 1000 रुपए लीटर बिक सकता है तेल? शाहबाज के मंत्री की डरावनी चेतावनी
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि 23 सितंबर से दुनिया भर में सभी ईरानी एयरलाइंस का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरानी विमान लैंड करते हैं, तो कोई भी उन्हें ईंधन नहीं दे सकता, लैंडिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं करा सकता और न ही उनके टिकट बेच सकता है। जो भी देश, एयरपोर्ट या कंपनी ईरानी विमानों को किसी भी प्रकार की सहायता मुहैया कराएगी, उसे तत्काल डॉलर आधारित वित्तीय प्रणाली से पूरी तरह बाहर कर दिया जाएगा।
27 ईरानी एयरलाइंस पर पड़ेगा असर
अमेरिका की चेतावनी के बाद इराक ने ईरानी एयरलाइंस को एयर स्पेस देने से इनकार कर दिया। इसके बाद जॉर्जिया ने भी ईरानी एयरलाइंस के अपने क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया। तुर्की सरकार के अनुरोध पर ईरान की महान एयरलाइंस ने तुर्की के लिए अपनी उड़ानें निलंबित कर दी हैं। ईरान की प्रमुख विमानन कंपनियों में सरकारी विमानन कंपनी ईरान एयर के अलावा महान एयर, ईरान एयर टूर, और केश्म एयर शामिल हैं। अमेरिकी प्रतिबंध सूची में लगभग 27 ईरानी एयरलाइंस शामिल हैं। ALSO READ:
अमेरिका को ईरान की चेतावनी
ईरान के केंद्रीय सैन्य कमान खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने ईरान के खिलाफ कोई भी नई सैन्य कार्रवाई शुरू की तो पूरे पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर बेहद दर्दनाक हमले किए जाएंगे। ईरान ने दावा किया कि अमेरिका क्षेत्रीय देशों के सहयोग से सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। सेना ने कहा कि यदि अमेरिका ने कोई भी चूक की, तो बिना किसी विचार के जवाबी कार्रवाई की जाएगी।

