1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. yogi-adityanath-challenges-akhilesh-yadav-ayodhya-elections

योगी का अखिलेश को खुला चैलेंज! कहा- आइए अयोध्या से आजमाते हैं किस्मत, चेलों से क्या लड़ना

yogi adityanath challenges akhilesh yadav
yogi adityanath challenges akhilesh yadav: उत्तर प्रदेश में सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव की चुनौती को स्वीकार करते हुए उन्हें अयोध्या से सीधा चुनाव लड़ने का खुला प्रस्ताव दिया है। मुख्यमंत्री ने सपा के 'पीडीए' (PDA) का नया मतलब 'प्रदेश डुबाऊ अलायंस' बताते हुए विपक्ष पर तुष्टिकरण, घोटालों और अराजकता को बढ़ावा देने का जोरदार हमला बोला। योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अखिलेश यादव उनके साथ अयोध्या से नामांकन दाखिल करें और जनता के दरबार में किस्मत आजमाएं।

चेलों से क्या लड़ना, आमने-सामने की हो लड़ाई

मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि 'बबुआ' बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी, अयोध्या हमारा पावन धाम और आस्था की स्थली है। मैं वहां बार-बार इसलिए जाता हूं ताकि विकास कार्यों में कोई कोताही न रहे। जिस अयोध्या को सपा शासन में तीन-चार घंटे बिजली मिलती थी और जय श्रीराम बोलने पर प्रतिबंध था, वही अयोध्या आज राम राज्य के नए उदाहरण के रूप में त्रेता युग का स्मरण करा रही है।
 
सीएम योगी ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि आइए, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए और मैं भी। लड़ाई चेलों से नहीं, बल्कि आमने-सामने होनी चाहिए। माफियाओं के सामने नाक रगड़ने और उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले हमसे क्या लड़ेंगे! जनता इनकी छुट्टी कर चुकी है और आगामी चुनाव परिणाम फिर 80-20 का होगा, जिसमें 80 फीसदी सीटें भाजपा के एनडीए को मिलेंगी।

'पीडीए' यानी 'प्रदेश डुबाऊ अलायंस'

सपा के बहुचर्चित 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' और 'प्रदेश डुबाऊ अलायंस' करार दिया। उन्होंने कहा कि हालिया राज्यसभा चुनाव में सपा ने किसी दलित, पिछड़े, ब्राह्मण या वैश्य को टिकट नहीं दिया। एक सीट अपने 'चचाजान' (रामगोपाल यादव) को दी और दूसरी सीट एक धन्ना सेठ को बेच दी। सीएम ने आरोप लगाया कि सपा ने युवाओं की नौकरियों पर डकैती डाली और बलरामपुर को देश का सबसे गरीब जिला बनाकर छोड़ दिया था।

अब कोई छांगुर नहीं पनप सकेगा

सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि बीमारियों, इंसेफेलाइटिस, तस्करी और अराजकता ही सपा की असली पहचान थी। उन्होंने साफ किया कि अब सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी भारत-विरोधी गतिविधि, तस्करी या डेमोग्राफी बदलने की साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दंगाई और अराजक तत्व यह जान लें कि बेटी की सुरक्षा या प्रदेश की शांति से खिलवाड़ करने वालों का ठिकाना केवल जेल या जहन्नुम होगा। उन्होंने कहा कि अब राज्य में कोई छांगुर भी नहीं पनप पाएगा। 

विपक्ष पर शिष्टाचार भूलने का आरोप

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का कायाकल्प हुआ है, लेकिन राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और विंध्यवासिनी कॉरिडोर का विरोध करने वाले लोग अब बेशर्मी और गाली-गलौज पर उतर आए हैं। जब ये चुनाव हारते हैं, तो अपनी नाकामी छिपाने के लिए ईवीएम, प्रशासन, न्यायालय और चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करने लगते हैं।

कब्रिस्तान की बाउंड्री से सनातन धर्म स्थलों का पुनरुद्धार

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले सरकारी पैसों का दुरुपयोग कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल बनाने और दंगाइयों को प्रोत्साहित करने में किया जाता था। आज वही पैसा सनातन धर्म के प्रमुख स्थलों के पुनरुद्धार और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने में खर्च हो रहा है। अकेले बलरामपुर में पिछले 10 वर्षों में 10,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
अगला लेख
दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर भड़के सोनम वांगचुक, अनशन और पदयात्रा की दी चेतावनी