1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Russia-Nuclear Weapons in Space

रूस अंतरिक्ष में उपयोग के लिए बना रहा है परमाणु हथियार, जानिए विस्फोट से धरती पर क्या-क्या हो जाएगा ठप?

Russia space nuclear weapon
Russia space nuclear weapon: पश्चिमी देशों की गुप्तचर एजेंसियों का मानना है कि रूस इसी साल अंतरिक्ष में एक ऐसा उपग्रह (सैटेलाइट) प्रक्षेपित करना चाहता है, जिसमें परमाणु अस्त्रमुख (न्यूक्लियर वॉरहेड) लगा होगा। इसे लेकर उनकी चिंताएं बहुत बढ़ गई हैं।
 
यह एक ऐसी स्थिति है जिसके बारे में पश्चिमी जगत के सैन्य अधिकारी, गुप्तचरी के विशेषज्ञ और राजनेता कई सालों से चेतावनी देते आ रहे हैं। अंतरिक्ष में किसी परमाणु बम के विस्फोट से वहां पहले से ही स्थापित विभिन्न प्रकार के उपग्रह ही क्षतिग्रस्त नहीं होंगे। पृथ्वी पर भी बहुत ही विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं, क्योंकि आम नागरिकों के जीवन, आजकल की संचार सेवाओं, GPS, इंटरनेट और सैन्य अभियानों के लिए अंतरिक्ष में पहले से ही स्थापित उपग्रहों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो गई है।
 
फ़रवरी 2023 में, अमेरिका ने पहली बार अपने यहां एक आंतरिक चेतावनी जारी की थी कि रूस अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने की दिशा में काम कर रहा है। उस समय अमेरिकी गुप्तचर एजेंसियों से जानकारी पाने वाले वहां के सांसदों ने इसे "राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा" बताया था। हालांकि, कुछ समय तक ऐसा कुछ भी हुआ नहीं।

रूस का गोपनीय "स्पूतनिक-S"

ख़बरों के अनुसार, रूस ने वर्ष 2026 बीतने से पहले, अंतरिक्ष में एक ऐसा उपग्रह (सैटेलाइट) भेजने की योजना बनाई है, जिसमें परमाणु बम जैसा विस्फोटक उपकरण लगा होगा। जर्मनी के कई सार्वजनिक रेडियो-टेलीविज़न प्रसारकों और एक प्रतिष्ठित समाचार दैनिक की मिलीजुली खोज के अनुसार, पश्चिमी गुप्तचर एजेंसियों और सैन्य अधिकारियों का—जिनमें जर्मन सेना (बुंडेसवेयर) और जर्मनी की संघीय गुप्तचर सेवा (BND) के अधिकारी शामिल हैं— यही आकलन है। हाल ही में, नाटो (NATO) के कई सदस्य देशों के बीच भी इस बारे में अब तक की जानकारी साझा की गई बतायी जा रही है।
 
बताया यह भी जा रहा है कि इस रूसी उपग्रह का नाम "स्पूतनिक-S" है। उसे पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है और वह कई सालों से मॉस्को के पास ही कहीं छिपा कर रखा गया है। नवंबर 2026 की शुरुआत में मिली गोपनीय चेतावनियों से यही संकेत मिला बताया जा रहा था कि परमाणु हथियारों से लैस इस रूसी उपग्रह को 60 दिनों के भीतर अंतरिक्ष में भेजा जा सकता है, जिसके कुछ समय बाद वह काम करना शुरू कर देगा। जर्मन सशस्त्र बलों की अंतरिक्ष संबंधी कमान का अनुमान है कि "स्पूतनिक-S" को दिसंबर में किसी समय प्रक्षेपित किया जा सकता है।
 
जर्मन रक्षा मंत्रालय ने, मॉस्को की इन योजनाओं पर नज़र गड़ाए पत्रकारों के प्रश्नों का कोई सीधा उत्तर देने के बदले, अपनी आंतरिक चर्चाओं से जुड़ी गोपनीयता और सुरक्षा-नियमों का हवाला देते हुए बात टाल दी। बर्लिन में स्थित रूसी दूतावास से जब इस बारे में टिप्पणी मांगी गई, तो उसने कहा कि उसे इन मामलों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। दूतावास ने "रूसी संघ की अंतरिक्ष गतिविधियों से जुड़े सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया" और उन्हें एक "प्रचार अभियान का हिस्सा" बताया। दूतावास ने बल देकर कहा कि रूस द्वारा "बाह्य अंतरिक्ष की खोज और उसके उपयोग के लिए उठाए गए कदम" "अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के अनुरूप" हैं और उनका उद्देश्य "पूरी तरह से शांतिपूर्ण" है।

अमेरिकी सेना के पास बचाव के बहुत कम उपाय

पिछले अक्टूबर महीने में अमेरिका ने एक आकलन जारी किया, जिसमें कहा गया है: "रूस एक ऐसा उपग्रह (सैटेलाइट) विकसित कर रहा है जिसे अंतरिक्ष में परमाणु हथियार ले जाने के लिए डिज़ाइन किया गया है।" आकलन में आगे कहा गया है कि ऐसा करके मॉस्को 1967 की "आउटर स्पेस ट्रीटी" (बाह्य अंतरिक्ष संधि) का उल्लंघन करेगा। यह संधि पृथ्वी की परिक्रमा कक्षा में किसी "परमाणु हथियार या अन्य प्रकार के सामूहिक विनाश वाले हथियार ले जाने और वहां उन्हें तैनात करने पर रोक लगाती है।"
Russia space nuclear weapon
अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करना पूरी दुनिया के लिए एक बहुत बड़ा ख़तरा है: एक बार भी ऐसे किसी हथियार से लैस कोई उपग्रह यदि सूर्य की परिक्रमा वाली पृथ्वी की कक्षा में पहुंच गया, तो भावी आपदा से निपटने के लिए लगभग कोई प्रभावी उपाय नहीं बचेगा। ऐसा इसलिए, क्योंकि परमाणु बम जैसे हथियारों के अंतरिक्ष में इस्तेमाल को रोक पाना सर्वथा असंभव है। परिणाम अंतरिक्ष में ही नहीं, पृथ्वी पर भी कल्पनातीत गंभीर होंगे। अमेरिकी अंतरिक्ष कमान (US Space Command) के कमांडर स्टीफन व्हिटिंग ने हाल ही में कहा कि "संभवतः पहले कुछ घंटों से लेकर कुछ दिनों के भीतर, इस समय पृथ्वी की निचली कक्षा (low Earth orbit) में मौजूद विभिन्न प्रकार के उपयोगों वाले लगभग एक-तिहाई उपग्रह ख़राब हो जाएंगे और आने वाले महीनों में, बाकी बचे उपग्रह भी धीरे-धीरे ख़राब होते जाएंगे।"

पृथ्वी पर की तकनीकी प्रणालियां ठप पड़ जाएंगी

जर्मन सेना के विशेषज्ञों ने हाल ही में जर्मनी के सरकारी प्रतिनिधियों को—जिनमें रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियुस भी शामिल हैं—"स्पूतनिक-S" के बारे में जानकारी दी। अंतरिक्ष में परमाणु बम के विस्फोट से वहां स्थापित न केवल नागरिक और सैन्य उपग्रह नष्ट हो सकते हैं, बल्कि उनके मलबे का एक ऐसा बादल भी बन सकता है, जो उन उपग्रहों के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है जो सीधे-सीधे विस्फोट की चपेट में नहीं आए थे। एक और चुनौती है—अंतरिक्ष में परमाणु विस्फोट से पैदा होने वाली तीव्र विद्युत-चुंबकीय तरंगें (इलेक्ट्रोमैग्नेटिक पल्स), जिनके कारण पृथ्वी पर की बहुत-सी तकनीकी प्रणालियां बहुत बड़े पैमाने पर अपना काम कर पाने में विफल हो सकती हैं।
 
उदाहरण के लिए, जर्मन "साइबर एंड इंफॉर्मेशन डोमेन कमांड (CIR)" के मेजर जनरल आर्मिन फ्लाइशमान का कहना है कि इस तरह के विस्फोट के "धरती पर के जनजीवन के लिए गंभीर परिणाम हो सकते हैं: जैसे बिजली गुल होना, दूरसंचार या नेविगेशन (नौवहन, मार्गदर्शन) प्रणालियों में भारी व्यवधान आना।" तब अपनी तकनीकी प्रणालियों को पूरी तरह से "मज़बूत" बनाना होगा—उदाहरण के लिए, उन्हें विशेष सामग्रियों से सुरक्षित (शील्ड) करना होगा— हालांकि यह सब बेहद खर्चीला साबित होगा। समय के साथ ऐसी "जवाबी-अंतरिक्ष क्षमताएं" विकसित करनी होंगी—यानी ऐसे रक्षात्मक उपाय विकसित करने होंगे, जिनका उद्देश्य "परमाणु हथियारों से लैस उपग्रहों को निष्क्रिय करना" है।

पश्चिमी सेनाओं की उपग्रहों पर बढ़ती निर्भरता

आज की दुनिया में, अंतरिक्ष में रह कर पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे उपग्रह हमारे दैनिक जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण ही नहीं, अनिवार्य बन गए हैं: यदि बड़े पैमाने पर वे ख़राब हो जाएं या ठप पड़ जाएं, तो GPS नेविगेशन सिस्टम, बैंकिंग कामकाज, पावर ग्रिड और मोबाइल संचार नेटवर्क ठप हो सकते हैं। सैन्य क्षेत्र में, कई अस्त्र-शस्त्र प्रणालियां लगभग बेकार हो जाएंगी। सेना के भीतर तथा सहयोगी देशों के साथ होने वाली जासूसी (रेकॉन्सेंस) और संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होगी।
 
रूसी सेना की तुलना में पश्चिमी देशों की सेनाएं उपग्रहों पर कहीं अधिक निर्भर हैं। पश्चिमी सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, युद्ध की स्थिति में अंतरिक्ष में परमाणु हथियारों का विस्फोट करने से रूस को सबसे अधिक सैन्य-लाभ मिल सकता है—कम से कम थोड़े समय के लिए तो ज़रूर ही।

जब अमेरिका ने अंतरिक्ष में परमाणु बम का विस्फोट किया

1962 में, "स्टारफिश प्राइम" नामक एक सैन्य परियोजना के अंतर्गत, अमेरिका ने प्रशांत महासागर के ऊपर, 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर अंतरिक्ष में एक परमाणु बम का विस्फोट किया था। उस विस्फोट से आकाश में एक चमकीली विद्युतचुंबकीय कौंध (इलेक्ट्रोमैग्नेटिक पल्स (EMP) पैदा हुई, जिससे उत्तरी प्रशांत महासागर में स्थित अमेरिका के हवाई द्वीप समूह में सड़कों की बत्तियां, दूरसंचार प्रणालियां और अन्य तकनीकी उपकरण खराब हो गए।
 
इसके अलावा, अंतरिक्ष में परिक्रमा कर रहे कई उपग्रह भी नष्ट हो गए थे। उनमें, तब तक का पहला ब्रिटिश उपग्रह और स्वयं अमेरिका का नागरिक उपयोग के लिए बना अपना पहला उपग्रह भी शामिल था। अब तो अंतरिक्ष में विभिन्न प्रकार के हजारों उपग्रह मौजूद हैं। इसलिए, कोई भयावह घटना यदि आज वहां होती है, तो उसके परिणाम कहीं अधिक गंभीर और घातक होंगे। ठीक इस समय, अंतरिक्ष में पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे सभी प्रकार के सक्रिय उपग्रहों की संख्या लगभग 16,900 है और निष्क्रिय की अनुमानत: 19,760 से 20,300 तक है।

कॉसमॉस-2553 क्या एक परीक्षण सैटेलाइट है?

हाल के वर्षों में, पश्चिमी पर्यवेक्षकों ने—जिनमें अमेरिकी गुप्तचर एजेंसियां भी शामिल हैं— रूस के उपग्रह "कॉसमॉस-2553" पर विशेष ध्यान दिया है। रूस ने उसे फरवरी 2022 में प्रक्षेपित किया था। यह यूक्रेन पर रूस का भरपूर आक्रमण शुरू होने से कुछ समय पहले की बात है। रूस के आधिकारिक बयानों के अनुसार, इस उपग्रह का उद्देश्य अंतरिक्ष में विकिरण (रेडिएशन) से जुड़े वैज्ञानिक अनुसंधान करना था। किंतु, पश्चिमी गुप्तचर एजेंसियों को इस दावे की सच्चाई पर बहुत संदेह है।
 
रूस के कॉसमॉस-2553 को संभवतः एक ऐसा परीक्षण माना जाता है, जिसे अंतरिक्ष में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के परिणामों का आकलन करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। बताया जाता है कि यह रूसी उपग्रह वास्तव में एक "डमी" (नकली मॉडल) के रूप में इस्तेमाल किया गया था, ताकि यह देखा जा सके कि अंतरिक्ष में परमाणविक विस्फोट का वहां परिक्रमा कर रहे विभिन्न उपग्रहों पर क्या असर पड़ता है; किसी दूसरे उपग्रह को किस स्तर तक नुकसान पहुंचता है।
 
पश्चिमी देशो की गुप्तचर सेवाओं को शक है कि रूस ने कॉसमॉस-2553 का उपयोग अत्यधिक विकिरण वाली परिस्थितियों में उड़ान भरने और अंतरिक्ष में पैंतरेबाज़ी (Maneuvering) करने की क्षमताओं का परीक्षण करने के लिए किया था।
 
पश्चिमी गुप्तचर सेवाओं की सबसे सनसनीदार खबर किंतु यह है कि रूस ही नहीं, अब तो चीन भी, रूस से बढ़-चढ़ कर अंतरिक्ष में अपने पैर जमाने की दिशा में काम कर रहा है। चीन 2042 मीटर लंबा और 6084 मीटर चौड़ा, किसी भारी-भरकम हवाई जहाज़ जैसा, अपना एक विशालकाय अस्त्रधारी यान 2040 तक अंतरिक्ष में भेजने के लिए बना रहा है। उसका यान 88 हथियार (संभवत: परमाणु अस्त्र) अपने साथ ले जाएगा। 
लेखक के बारे में
राम यादव
राम यादव डायचे वेले हिन्दी (जर्मनी) के पूर्व प्रमुख हैं। देश-विदेश की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक घटनाक्रम पर इनकी अच्छी पकड़ है। आधी सदी से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता एवं लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। .... और पढ़ें
अगला लेख
UP News : हाड़ कंपाती ठंड में मजदूरों को बड़ी राहत देगी योगी सरकार, 1 दिसंबर से खुलेंगे मुफ्त लेबर अड्डे; बिस्तर और खाना भी मिलेगा