1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Supriya srinet on RPN Singh resignation

आरपीएन पर भड़कीं सुप्रिया श्रीनेत, कहा- हमारी लड़ाई ‘कायर’ नहीं लड़ सकते

Supriya srinet
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के इस्तीफे के बाद मंगलवार को कांग्रेस ने उन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो लड़ाई वो लड़ रही है, उसे लड़ने के लिए साहस होना चाहिए और यह काम ‘कायर’ नहीं कर सकते।
 
पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मेरा मानना है कि जिस लड़ाई को कांग्रेस लड़ रही है, वो बहुत मुश्किल है। वो साहस और वीरता से लड़नी है। यह सच और सिद्धांतों की लड़ाई है। यह एजेंसियों के खिलाफ लड़ाई है। प्रियंका जी ने भी यह कहा है। मुझे नहीं लगता है कि लड़ाई कायर के लिए है। इसे लड़ने के लिए साहस होना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि जो जहां जा रहा है, हम उसको उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं। आशा करते हैं कि उन्हें समय रहते पता चल जाएगा कि शिद्दत से लड़ाई लड़ना वीरों की निशानी है।
 
सुप्रिया ने यह भी कहा ‍कि मुझे नहीं लगता कि कोई भी कांग्रेस में रहकर बिल्कुल ही विपरीत विचारधारा वाली पार्टी में जाएगा। ये काम कायर ही कर सकते हैं।
 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना है। इस्तीफे से एक दिन पहले ही, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया था। (भाषा)