कर्नाटक में येदियुरप्पा का बड़ा दावा, बोले- भाजपा के पक्ष में माहौल, सत्ता में होगी वापसी
BS Yeddyurappa News : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को भरोसा जताया कि कर्नाटक में भाजपा आने वाले दिनों में सत्ता में वापसी करेगी, क्योंकि राज्य का माहौल पार्टी के पक्ष में है। भाजपा की कर्नाटक इकाई में बढ़ती गुटबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के सभी सदस्यों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा, भाजपा के लिए माहौल बहुत अनुकूल है और मुझे शत-प्रतिशत यकीन है कि हम आने वाले दिनों में कर्नाटक में सत्ता में वापसी करेंगे। हम सब मिलकर इस दिशा में ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं।
येदियुरप्पा ने एक सवाल के जवाब में कहा, कोई सुझाव देने का सवाल ही नहीं उठता है, सबको हर हाल में मिलकर काम करना होगा। कर्नाटक भाजपा में गुटबाजी खुलकर सामने आई है, क्योंकि बीजापुर शहर से विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल और गोकक से विधायक रमेश जरकीहोली के नेतृत्व में पार्टी का एक धड़ा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है।
यतनाल और जरकीहोली ने विजयेंद्र की खुलेआम आलोचना करते हुए उन पर सत्तारूढ़ कांग्रेस के साथ सुविधा की राजनीति करने का आरोप लगाया है। दोनों नेताओं ने विजयेंद्र और उनके पिता येदियुरप्पा पर पार्टी को अपने चंगुल में रखने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। हालांकि येदियुरप्पा ने यतनाल से जुड़े सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया।
विकास की कमी और गारंटी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चिंता जताते हुए कांग्रेस सरकार को दिए गए सुझावों के बारे में पूछे गए सवाल पर येदियुरप्पा ने कहा, इन गारंटियों का कोई मतलब नहीं है। लोगों को खुश करने के लिए इनकी घोषणा की गई थी, लेकिन इन्हें ठीक से लागू नहीं किया गया।
यह (सरकार) एक तरह से तुगलक दरबार है। देखते हैं कि वे कब तक इस तरह से सरकार चलाएंगे। येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री कार्यकाल की तुलना में मौजूदा सरकार के बजट में उत्तर कर्नाटक के साथ अन्याय होने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, यह एक तथ्य है, जो सभी को पता है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें