महावीर जयंती पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश : विरासत बचाने के लिए अपनाएं ये 10 संकल्प
Prime Minister Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महावीर जयंती के अवसर पर आयोजित 'भारत विरासत महोत्सव' कार्यक्रम के दौरान कोबा तीर्थ में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जैन धर्म, भारतीय संस्कृति और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया और देशवासियों को पानी बचाने से लेकर स्वच्छता, प्राकृतिक खेती और योग जैसे 10 संकल्प भी दिलाए।
उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि हजारों वर्ष की भारतीय विरासत, जैन धर्म का समयातीत ज्ञान, हमारी धरोहरें और उनसे मिलने वाली प्रेरणाएं... उन्हें आने वाली सदियों तक अमर बनाने के लिए, नए और आधुनिक रूप में अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हमारे संतों ने इस जैन हेरिटेज म्यूजियम की संकल्पना की।
ये भारत के गौरवशाली अतीत की धरोहर है
पीएम मोदी ने कहा कि आज यह संकल्पना एक भव्य रूप में साकार हो रही है। यह सम्राट संप्रति संग्रहालय, जैन दर्शन, भारतीय संस्कृति और हमारी प्राचीन धरोहर का एक पवित्र केंद्र बना है। मैं इस अद्वितीय प्रयास के लिए हमारे सभी जैन संतों का अभिनंदन करता हूं। सम्राट संप्रति संग्रहालय भारत के कोटि-कोटि लोगों की धरोहर है। ये भारत के गौरवशाली अतीत की धरोहर है।
LIVE: PM Shri @narendramodi inaugurates the Samrat Samprati Museum in Gandhinagar, Gujarat. https://t.co/owwShlJ2Nq
— BJP (@BJP4India) March 31, 2026
यह सीख हमें भारत के अतीत से ही मिलती है
उन्होंने कहा कि जहां एक ओर कुछ शासकों ने हिंसा को हथियार बनाकर शासन किया, वहीं सम्राट संप्रति ने सिंहासन पर बैठकर अहिंसा का विस्तार किया। उन्होंने सत्य, अस्तेय और अपरिग्रह का प्रचार-प्रसार किया। इतने निस्वार्थ भाव से शासन को सेवा का माध्यम मानकर जीवन जीना, यह सीख हमें भारत के अतीत से ही मिलती है। भारत में ज्ञान हमेशा से एक मुक्त प्रवाह रहा है। हर युग में तीर्थंकरों और ऋषियों-मनीषियों का अवतार हुआ। ज्ञान का संकलन बढ़ता चला गया। समय के साथ बहुत कुछ नया जुड़ता गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का यह अवसर 9 संकल्पों को दोहराने का है...
पहला संकल्प : पानी बचाने का, दूसरा संकल्प: एक पेड़ मां के नाम
तीसरा संकल्प : स्वच्छता का मिशन
चौथा संकल्प : वोकल फॉर लोकल
पांचवां संकल्प : देश दर्शन
छठा संकल्प : प्राकृतिक खेती को अपनाना
सातवां संकल्प : स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना
आठवां संकल्प : योग और खेल को जीवन में लाना
नौवां संकल्प : गरीबों की सहायता का संकल्प
दसवां संकल्प : भारत की विरासत का संकल्प- जो आप सभी ने स्वयं से जोड़ लिया है।
Edited by : Nrapendra Gupta

