राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या में पहली रामनवमी, क्या बोले पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अयोध्या नगरी अतुलनीय आनंद में है क्योंकि वहां राम मंदिर बनने के बाद यह पहली रामनवमी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली रामनवमी एक मील का पत्थर है जो सदियों की भक्ति को आशा और प्रगति के एक नए युग से जोड़ती है। यह वह दिन है जिसका करोड़ों भारतीयों को इंतजार था। उन्होंने कहा कि यह देशवासियों की वर्षों की मेहनत और बलिदान का फल है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रभु श्री राम का आशीर्वाद हम पर हमेशा बना रहे और हमारे जीवन को ज्ञान और साहस से रोशन करते हुए हमें धर्म और शांति की ओर ले जाए।यह पहली रामनवमी है, जब अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में हमारे राम लला विराजमान हो चुके हैं। रामनवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या एक अप्रतिम आनंद में है। 5 शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद आज हमें ये रामनवमी अयोध्या में इस तरह मनाने का सौभाग्य मिला है। यह देशवासियों की इतने…
— Narendra Modi (@narendramodi) April 17, 2024
मोदी ने कहा कि इस पावन अवसर पर मेरा मन भावविभोर और कृतार्थ है। ये श्रीराम की परम कृपा है कि इसी वर्ष अपने देशवासियों के साथ मैं अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का साक्षी बना। उस क्षण की स्मृतियां अब भी उसी ऊर्जा से मेरे मन में बसी हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम भारतीयों के रोम-रोम में बसे हैं। रामनवमी उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को स्मरण और नमन करने का भी दिन है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन और उनके आदर्श विकसित भारत के निर्माण का सशक्त आधार बनेंगे। उनका आशीर्वाद आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।राम भारत की आस्था है, राम भारत का आधार है... pic.twitter.com/iyZm0ponNm
— Narendra Modi (@narendramodi) April 17, 2024
रामनवमी का त्योहार भगवान राम के जन्मोत्सव पर मनाया जाता है और हाल ही में उसी स्थान पर राम मंदिर का निर्माण किया गया है जहां ऐसी मान्यता है कि भगवान राम का जन्म हुआ था।
Edited by : Nrapendra Gupta
