1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 4 more people arrested in money laundering case

हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ीं, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 4 और गिरफ्तार

अब तक हुई कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी

Hemant Soren
money laundering case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) और अन्य के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग (money laundering) मामले में 4 और लोगों को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी देते बताया कि मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान अंतु तिर्की, प्रिय रंजन सहाय, बिपिन सिंह और इरशाद के रूप में हुई है।

 
अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी : ईडी ने मंगलवार को यहां तिर्की और कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी द्वारा 4 और लोगों को गिरफ्तार किए जाने के बाद इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ईडी ने जनवरी में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ ही देर बाद सोरेन (48) को गिरफ्तार कर लिया था। वे फिलहाल रांची के होटवार में स्थित बिरसा मुंडा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। प्रसाद और मोहम्मद सद्दाम हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

 
सोरेन पर है यह आरोप : मुख्य आरोपी व राजस्व विभाग के पूर्व उपनिरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, मोहम्मद सद्दाम हुसैन और अफसर अली को भी गिरफ्तार किया गया है। सोरेन के खिलाफ जांच रांची में 8.86 एकड़ जमीन से संबंधित है। ईडी ने आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अवैध रूप से यह जमीन हासिल की थी।
 
एजेंसी ने 30 मार्च को यहां एक विशेष पीएमएलए अदालत के समक्ष प्रसाद, हेमंत सोरेन, उनके सहयोगियों राज कुमार पाहन और हिलरिया कछप तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बिनोद सिंह के कथित सहयोगी के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। ईडी ने रांची में स्थित जमीन भी कुर्क कर ली है और अदालत से भूखंड को जब्त करने का अनुरोध किया है। झारखंड पुलिस द्वारा राज्य सरकार के अधिकारियों समेत कई लोगों के खिलाफ जमीन घोटाले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की गई थी।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें