झारखंड में JMM को बड़ा झटका, सीता सोरेन भाजपा में शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं सीता
Sita Soren news in hindi : लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को उस समय बड़ा झटका लगा जब पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और पार्टी विधायक सीता सोरेन मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गईं।
सीता सोरेन यहां भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे और झारखंड चुनाव प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुईं।
सीता सोरेन ने भाजपा में शामिल होने से कुछ घंटों पहले ही झामुमो को छोड़ दिया था और दावा किया था कि झारखंड के सत्तारूढ़ दल में उनकी उपेक्षा की जा रही थी और अलग थलग किया जा रहा था।JMM MLA Smt. Sita Soren joins the BJP at party headquarters in New Delhi https://t.co/lP40gMac7X
— BJP (@BJP4India) March 19, 2024
पार्टी सुप्रीमो और अपने ससुर शिबू सोरेन को लिखे इस्तीफा पत्र में सीता ने कहा कि उनके पति दुर्गा सोरेन के निधन के बाद पार्टी उन्हें तथा उनके परिवार को पर्याप्त सहयोग मुहैया कराने में नाकाम रही।
सीता ने कहा कि वह उपेक्षित महसूस कर रही थी और उन्होंने भारी मन से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि मुझे मेरे तथा मेरे परिवार के खिलाफ रची जा रही एक साजिश का पता चला है...मेरे पास इस्तीफा देने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा।
Edited by : Nrapendra Gupta

