1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. now be possible to examine 10-lakh-year-old archaeological artifacts in Bhopal.

अब भोपाल में हो सकेगी 10 लाख साल पुरानी पुरातात्विक चीजों की जांच, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- हमारी प्राचीन सभ्यताओं में भी विज्ञान का समावेश

उज्जैन में 100 एकड़ में 237 करोड़ से बनेगा डीपटेक अनुसंधान-नवाचार पार्क

Madhya Pradesh News
भोपाल। वैज्ञानिक दृष्टि से 23 नवंबर का दिन मध्यप्रदेश के लिए बेहद खास रहा। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) के विज्ञान भवन में राज्य की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला और डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने 'महाकाल द मास्टर ऑफ़ टाइम' थीम पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला का भी दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ और वैज्ञानिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में “महाकाल:द मास्टर ऑफ टाइम” कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसके अलावा धनुष क्वांटम लिमिटेड और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के बीच अहम एमओयू भी हुआ।
 
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रसिद्ध पुरातत्वविद्, चित्रकार एवं इतिहासकार पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर को समर्पित ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं गैलरी के माध्यम से अब 10 लाख वर्ष तक के पुरातात्विक महत्व के विषयों की जांच होगी। भारतीय प्राचीन सभ्यताओं, पर्यावरण अध्ययन में विज्ञान का समावेश रहा है। पद्मश्री डॉ. वाकणकर ने ऐसी विपरीत परिस्थितियों और उस कालखंड में इस ओर समाज ध्यान आकर्षित कराया, जब संसाधन बहुत सीमित थे। अपने छात्र जीवन में कई बार डॉ. वाकणकर से मिलने और अनेक विषयों पर चर्चा का भी अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पुरातत्व और वैज्ञानिक खोज के साथ-साथ डॉ. वाकणकर की राजनैतिक दृष्टि भी काफी विस्तृत थी। उनका कैल्कुलेशन गजब का था। कांग्रेस के कार्यकाल में डॉ. वाकणकर जी को पद्मश्री पुरस्कार मिला। मध्यप्रदेश सरकार ने भी भोपाल के पास रातापानी अभ्यारण्य का नाम डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय उद्यान किया है। पद्मश्री नारायण व्यास ने भी डॉ. वाकणकर की पुरातत्व शोध परंपरा को आगे बढ़ाया है।
 
शोध और नवाचारों को दिया जाएगा बढ़ावा-मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में पहले खगोल गणना के लिए वैधशाला थी, लेकिन अब यहां डीपटेक पार्क का निर्माण हो रहा है। इसमें आईआईटी और प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के गणित और भौतिक शास्त्र के प्रोफेसरों का सहयोग मिल रहा है। मध्यप्रदेश में 100 एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस अनूठे डीपटेक पार्क में चार विविध केंद्रों में प्राचीन ज्ञान से आधुनिक विज्ञान को जोड़ते हुए शोध और नवाचारों को आगे बढ़ाया जाएगा। मध्यप्रदेश सरकार ने अपनी स्पेस पॉलिसी भी तैयार की है। इसके अंतर्गत अंतरिक्ष विज्ञान में शोध के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उज्जैन केवल धार्मिक और उद्योग की नगरी के साथ अब साइंस सिटी भी बन रहा है। उन्होंने कहा कि उज्जैन काल गणना की नगरी है। भोपाल को भी नॉलेज सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। विक्रमादित्य शोध पीठ के माध्यम वैदिक घड़ी विकसित की गई, देशभर में विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन किया गया। अब विक्रमादित्य शोध पीठ को विक्रमादित्य अकादमी के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
 
 
समय के साथ घट रहा हमारा संबंध-विचारक एवं समाजसेवी सुरेश सोनी ने कहा कि डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर की प्रतिभा को देखकर लगता था कि वे जन्मजात पुरातत्वविद थे। उज्जैन में स्थापित हो रहे डीपटेक पार्क में 4 प्रमुख केंद्र बनेंगे। इसमें खगोल विज्ञान केंद्र को वराहमिहिर, ज्ञान परंपरा से संबंधित केंद्र को सांदीपनि, कृषि विज्ञान केंद्र को बलराम और नई तकनीक के केंद्र को आर्यभट्ट नाम दिया गया है। इस पार्क में समग्रता के साथ प्राचीन और नई तकनीक को जोड़कर खोज होगी। यह शोध भारतीय ज्ञान परंपरा को नई दिशा प्रदान करेगा। कालचक्र अनंत तक चलता रहता है।

इस दौरान युगों तक अलग-अलग सभ्यताएं बनती और लुप्त होती रहती हैं। हमारे धर्म शास्त्रों में काल गणना की विस्तृत व्याख्या की गई है। विश्व के अनेक वैज्ञानिकों ने इसे स्वीकार किया है। भारतीय काल गणना की विशेषता रही है कि हमने कालखंड में घटे घटनाक्रम को पहचाना है। भारतीय परंपरा में कालगणना केवल एक मैकेनिकल प्रोसेस नहीं है। हमने नाड़ी के स्पंदन को भी कालगणना से जोड़ा है। वर्तमान में समय के साथ हमारा संबंध घटता जा रहा है। इसे पुनर्विकसित करने की आवश्यकता है। इसके लिए ऐसी रिस्ट वॉच बने, जिसमें पंचांग समय के साथ निरंतर बदलता रहे।
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल,  धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।.... और पढ़ें
अगला लेख
अयोध्या से जनकपुर का सीधा सफर, नेपाल को 24 हजार करोड़ की सौगात, पीएम मोदी ने खोला पिटारा