कश्मीर घाटी में फिर मंडराया सूखे का खतरा, झेलम का जलस्तर 'माइनस' में, पानी और बिजली का बड़ा संकट?
कश्मीर घाटी एक बार फिर सूखे जैसे हालात की आशंका से घिरती दिखाई दे रही है। झेलम नदी और उसकी प्रमुख सहायक नदियों में पानी का स्तर लगातार नीचे बना हुआ है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी नहीं होने तथा आगामी दिनों में भी मौसम शुष्क रहने के पूर्वानुमान ने पेयजल उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ALSO READ: बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम, 17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन
हालांकि, फिलहाल तत्काल बड़े जल संकट की आशंका नहीं जताई गई है, लेकिन परिस्थितियां लंबी खिंचीं तो सर्दियों में कश्मीरियों को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के 22 नवंबर के रिवर वॉच आंकड़ों के अनुसार, संगम में झेलम का जलस्तर माइनस 0.63 फीट दर्ज किया गया, जबकि श्रीनगर के राम मुंशीबाग में यह 3.80 फीट था। 20 नवंबर को अनंतनाग के संगम में यह माइनस 0.64 फीट, मुंशीबाग में 3.81 फीट और अशाम में 1.30 फीट दर्ज किया गया था। वुलर झील का जलस्तर 22 नवंबर को 1573.83 मीटर रहा। कई सहायक नदियों में भी पानी का प्रवाह बेहद कम है।
चिंता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि मौसम संबंधी पूर्वानुमानों के अनुसार घाटी में 5 दिसंबर तक व्यापक बारिश या बर्फबारी की संभावना कमजोर है। मौसम विश्लेषक फैजान आरिफ ने चेताया है कि शुष्क मौसम जारी रहने पर छोटे नाले, झरने और जलधाराएं सूख सकती हैं। इससे प्राकृतिक जलस्रोतों पर निर्भर ग्रामीण आबादी सबसे अधिक प्रभावित होगी।
इस खतरे की गंभीरता 2021-22 में अनंतनाग और कुलगाम में किए गए एक अध्ययन से भी समझी जा सकती है। 649 प्राकृतिक झरनों के सर्वेक्षण में 76 पूरी तरह सूखे मिले, जबकि 8.5 प्रतिशत मौसमी थे।
कम जलप्रवाह का असर केवल पेयजल तक सीमित नहीं रहेगा। जलविद्युत परियोजनाओं के उत्पादन पर भी दबाव पड़ सकता है। हालांकि नदी के गेज स्तर को सीधे पेयजल भंडार या सामान्य मौसमी औसत मानना सही नहीं होगा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन संभावित जल संकट से निपटने के लिए अभी से वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था, जलस्रोतों की निगरानी और पानी के संरक्षण की तैयारी करेगा, या पिछली बार की तरह संकट गहराने के बाद ही कदम उठाए जाएंगे?

