भोपाल में जनता क्वार्टर पर चला बुलडोजर, भारी सुरक्षा बल के बीच 599 जर्जर मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू,कांग्रेस नेता हिरासत में
भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार को बुलडोजर की कार्रवाई हुई। मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के करीब 40 साल पुराने जर्जर मकानों को तोड़ने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड की संयुक्त टीम सुबह 6 मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 10 पोकलेन मशीनों की मदद से मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
रविवार को अवकाश के दिन हाईकोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई शुरू की है। सुरक्षा के मद्देनजर जनता क्वार्टर की ओर आने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। आने-जाने के रास्ते बंद कर दिए गए हैं और क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासन की इस कार्रवाई में 4 एसडीएम, 10 तहसीलदार समेत पुलिस और नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान कई रहवासियों ने स्वेच्छा से अपने निर्माण तोड़ दिए और मकान खाली कर सामान हटा लिया है। हाउसिंग बोर्ड ने पहले ही सभी रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान अनिवार्य रूप से खाली करने और अपना सामान हटाने का अंतिम नोटिस जारी किया था। करीब 40 साल पुराने इन जनता क्वार्टरों को वर्ष 2016 में जर्जर घोषित किया गया था।
ऐशबाग क्षेत्र में करीब 600 जनता क्वार्टर हैं, जिनमें लगभग 3 हजार लोग रहते हैं। इनमें से 599 जर्जर क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। लंबे समय से जर्जर घोषित इन मकानों को हटाने की कार्रवाई का कांग्रेस ने विरोध जताया है। कार्रवाई के दौरान विरोध की आंशका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के ऐहितयात के तौर पर उनके घर से हिरासत में लेकर आशोका गार्डन थाने में बैठाया।
वहीं हाउसिंग बोर्ड मध्यप्रदेश पुनर्विकास नीति के तहत जर्जर मकानों को तोड़कर आधुनिक बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाएगा। इन आवासीय परिसर में सभी वैध आवंटियों को फ्लैट्स आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ निर्माण अवधि के दौरान सभी आवंटियों को कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार तय किराया सीधे उनके खातों में दिया जाएगा
इससे पहले छुट्टी के दिन रविवार को हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने से इंकार कर दिया था। कोर्ट ने याचिकाकर्ता और आवंटी मोहम्मद हफीज खान (क्वार्टर 465) की याचिका पर सुनवाई करते हुए सिर्फ याचिकाकर्त के क्वार्टर नंबर 465 पर कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। सुनवाई के दौारन हाउसिंग बोर्ड के वकील कपिल दुग्गल ने बताया कि 2016 में ही ये 600 क्वार्टर जर्जर घोषित हो चुके हैं, जान-माल का खतरा है, कई बार खाली करने के नोटिस दिए जा चुके हैं और रीडेवलपमेंट स्कीम में सभी वैध आवंटियों को नए फ्लैट मिलने के साथ निर्माण अवधि का किराया भी मिलेगा

