मां बगलामुखी के दर्शन कर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, उफनते नाले में कार बहने से 8 की मौत
मध्य प्रदेश में आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार को बारिश के बाद उफनते नाले में एक कार बह गई। हादसे में मां बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल है।
मीडिया खबरों के अनुसार, श्रद्धालु उज्जैन से टैक्सी किराये पर लेकर मां बगलामुखी माता मंदिर के दर्शन करने नलखेड़ा पहुंचे थे। दर्शन के बाद लौटते समय मंदिर के पास स्थित बरसाती नाला तेज बारिश के कारण उफान पर था। इसी दौरान कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और नाले में बह गई।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार को उफनते नाले से बाहर निकाला।
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास बड़ा हादसा हुआ। भारी बारिश के बाद उफनते बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में 3 बच्चों, 2 महिलाओं और 3 पुरुषों समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई।#nalkheda #agarmalwa #car #madhyapradesh pic.twitter.com/J5HrC6RPml
— Webdunia Hindi (@WebduniaHindi)
बताया जा रहा है कि सभी मृतक ओडिशा के रहने वाले थे। आगर मालवा एसपी दिलीप कुमार सोनी ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस मृतकों की पहचान प्रक्रिया में जुटी है। प्रशासन और पुलिस की टीम पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

