1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. ED takes major action against Amrit Group in Indore

इंदौर में अमृत ग्रुप पर ED की बड़ी कार्रवाई, 17 ठिकानों पर छापे मारे, रिकॉर्ड खंगाल रही टीमें

ED
इंदौर और कोलकाता में अमृत ग्रुप के 17 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की है। आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर निवेशकों से रकम जुटाने और धोखाधड़ी करने के मामले में यह कार्रवाई हुई है। जांच एजेंसी बैंक और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है।

मामला अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग का है। जिसे लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। केंद्रीय जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ इंदौर और कोलकाता स्थित 17 विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह पूरी कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की जा रही है, जिससे संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, अमृत ग्रुप से जुड़ी विभिन्न कंपनियों ने आकर्षक डिपॉजिट स्कीमों का लालच देकर आम लोगों से भारी रकम जमा कराई थी। निवेशकों को उनकी जमा पूंजी पर बाजार से अधिक रिटर्न देने का भरोसा दिलाया गया था। इसी झांसे में आकर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई इन योजनाओं में निवेश कर दी।

जांच में यह बात सामने आई है कि तय समयसीमा पूरी होने के बाद भी निवेशकों को वादा किया गया रिटर्न नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, कई मामलों में तो निवेशकों की मूल रकम भी वापस नहीं लौटाई गई। इस धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
अगला लेख
अनंत अंबानी ने पूरा किया वादा, तिरुमला को मिलीं 25 इलेक्ट्रिक बसें; श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान