1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Rats at Domino's, veg and non-veg together at Subway

Dominos में चूहे, Subway में वेज-नॉनवेज एक साथ, Pizza Hut और KFC में गड़बड़ी, जांच में दिखा नाम बड़े दर्शन खोटे

food sample indore
इंदौर खाने पीने के लिए जाना जाता है, लेकिन अब परंपरागत दुकानों के साथ ही जाने-माने रेस्‍टोरेंट में भी खाने में गड़बड़ी सामने आ रही है। Dominos से लेकर Subway तक और Pizza Hut से लेकर KFC तक के खाने में गंभीर लरापरवाहियां मिली हैं। जांच के बाद संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। बता दें कि त्‍योहार के मौंके पर इन आउटलेट्स में खाने पीने वालों की जमकर भीड हो रही है।

दरअसल, खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सबवे, केएफसी, पिज्जा हट, डोमिनोज और ला पिनोज जैसे प्रमुख फूड आउटलेट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कहीं चूहों के अवशेष मिले तो कहीं मक्खियां, बासी सामग्री। कुछ जगहों पर कागजी कमियां पाई गईं, जिस पर नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की जांच में सामने आया कि नामचीन आउटलेट्स में खाद्य सामग्री के रखरखाव, साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और कर्मचारियों के स्वास्थ्य व जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी गंभीर खामियां मौजूद थीं। इस मामले में विभाग की ओर से सख्त रुख अपनाते हुए सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस और सुधार करने की सूचना जारी की गई है।

सपना संगीता रोड स्थित Domino's पिज्जा के डाइनिंग एरिया में जगह-जगह मक्खियां पाई गईं। सबसे अधिक गंभीर स्थिति पैकेजिंग सामग्री के भंडारण वाले स्थान पर दिखी, जहां चूहों के मल के अवशेष पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस जगह से पनीर और पिज्जा चीज स्प्रेड के सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेज दिया है।

जबकि Subway में शाकाहारी और मांसाहारी खाना एक साथ रखा मिला। यह भी सपना संगीता रोड पर स्थिति है। निरीक्षण के दौरान एक बेहद गंभीर लापरवाही सामने आई। वहां रेफ्रिजरेटर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्रियों को एक साथ रखा गया था, जिससे क्रॉस-कंटेमिनेशन का खतरा बना हुआ था। इस स्थिति पर अधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताते हुए आउटलेट प्रबंधन को तुरंत व्यवस्था में सुधार करने की चेतावनी दी है।

KFC में भी यही हाल: फीनिक्स सिटाडेल मॉल स्थित KFC में जब टीम पहुंची तो वहां संचालन का नामित प्रभारी ही मौके से नदारद मिला। कच्ची और तैयार सामग्री की गुणवत्ता जांचने से जुड़े प्रमाण पत्र भी वहां उपलब्ध नहीं कराए जा सके। परिसर में कुछ कचरा डिब्बे खुले पड़े थे, जो स्वच्छता मानकों का खुला उल्लंघन है। इसके अलावा वहां कार्यरत कर्मचारियों के अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण के रिकॉर्ड भी पूरी तरह से गायब मिले। इसी मॉल के Pizza Hut आउटलेट में भी हालात चिंताजनक पाए गए। यहां कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण के कागजात अधूरे मिले। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जहां ग्राहकों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था, उस रसोई क्षेत्र में मक्खियां भिनभिना रही थीं।

La Pino Pizza में बासी सामग्री: la pinoz pizza आउटलेट की जांच के दौरान भारी अनियमितता मिली। वहां इस्तेमाल हो रहे जैतून, जलापेनो और लाल शिमला मिर्च पर उपयोग की अंतिम तिथि 14 सितंबर अंकित थी, जबकि अधिकारियों की टीम 15 सितंबर को निरीक्षण कर रही थी। इसके अतिरिक्त पानी की शुद्धता जांच रिपोर्ट और कर्मियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी नहीं थे। विभाग ने वहां से पनीर और सॉस समेत चार अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लैब जांच के लिए जब्त किए हैं। 
अगला लेख
दिव्यांग बच्चों के बीच जन्मदिन मनाने पहुंचे सीएम धामी, भावुक होकर आंखें हुईं नम