1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Congress invites Indore youth in Gen-G style for rahul gandhi

कांग्रेस का इंदौरी युवाओं को जेन-जी स्‍टाइल में बुलावा, ‘छात्रों की गूंज’, नाटक, गीत-संगीत से ऐसे भीड़ जुटा रहे नेता

भीड़ के लिए कांग्रेस का नया पैंतरा: जेन-जी युवाओं को रिझाने की अनोखी तैयारी

rahul gandhi
राजनीति में अब सिर्फ नारों और भाषणों का दौर पीछे छूट रहा है, और मैदान संभाल लिया है एक नए और आधुनिक कलेवर ने! कांग्रेस पार्टी इंदौर के युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए एक बेहद दिलचस्प और अनूठा रास्ता चुना है।

पारंपरिक राजनीतिक बैठकों से हटकर, अब कांग्रेस राहुल गांधी के आयोजन ‘छात्रों की गूंज’ में भीड़ जुटाने के लिए नुक्कड़ नाटकों और म्यूजिकल बैंड्स जैसे माध्यमों की मदद ले रही है। उनका मानना है कि यह युवाओं को आकर्षित करने का जोरदार तरीका है। दरअसल, आयोजन में जेन-जी (Gen-Z) पीढ़ी को बुलाने के लिए उनकी पसंद और भाषा को ध्यान में रखकर उन्‍हें आयोजन में आने के लिए बुलावा दिया जा रहा है।

दअरसल, इंदौर 19 सितंबर को राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होना तय हो गय है। उसके लिए रीजनल पार्क के सामने का मैदान तैयार किया जा रहा है। छात्रों को बुलाने के लिए गीत संगीत, नुक्‍कड नाटक आदि तरीकों का सहारा लिया जा रहा है। इतना ही नहीं, उनके जैसे दिखने के लिए कांग्रेस नेता भी जींस-टीशर्ट पहनकर युवाओं के बीच पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी का जोर बड़े राजनीतिक आयोजनों और भाषणों के बजाय युवाओं के बीच जाकर उनसे सीधे संवाद करने पर है। इसके लिए संगीत, कला, खेल और नुक्कड़ नाटक को प्रचार का हिस्सा बनाया गया है।

गिटार, गाना और डांस : कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता युवा कलाकारों के साथ कॉलेज, हॉस्टल और अन्य स्थानों पर पहुंच रहे हैं। कलाकार गिटार लेकर गाने गाते हैं, डांस करते हैं और नुक्कड़ नाटक के जरिए युवाओं से जुड़े मुद्दे सामने रख रहे हैं। इसके बाद कांग्रेस नेता युवाओं से बातचीत कर उन्हें ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में आने का न्योता दे रहे हैं।

जींस-टीशर्ट में पहुंच रहे नेता : इस पूरी कवायद में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी भी सक्रिय हैं। वे कई स्‍थानों पर नुक्कड़ नाटक की टीम और कलाकारों के साथ युवाओं के बीच पहुंच रही हैं। खासतौर पर युवतियों से चर्चा कर उन्‍हें कार्यक्रम में बुलाया जा रहा है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी भी इसी अंदाज में नजर आए।

पोस्टरों पर न नाम, न पद, सफलता के लिए यज्ञ-हवन : आमतौर पर राजनीतिक पोस्‍टरों में नेताओं के फोटो, नाम और पद लिखे जाते हैं, लेकिन राहुल के आयोजन के लिए बनाए गए पोस्‍टरों में न नेताओं के नाम हैं और न ही पद। पोस्टरों की खास बात यह है कि इनमें कांग्रेस पार्टी का नाम तक नहीं लिखा गया है। हालांकि कांग्रेस नेताओं के फोटो दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उनके राजनीतिक पद का उल्लेख भी नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की सफलता के लिए राजवाड़ा स्थित प्राचीन वनखंडी हनुमान मंदिर परिसर में यज्ञ, हवन और पूजन किया जा रहा है।

इंदौर में राहुल की चर्चा : बता दें कि लंबी मशक्‍कत के बाद इंदौर में राहुल गांधी का आयोजन तय हो पाया है। काफी देर बाद उन्‍हें रीजनल पार्क के सामने वाले आईडीए मैदान में कार्यक्रम करने की अनुमति मिल गई है। अब यह कार्यक्रम सफल होगा या नहीं यह तो वक्‍त ही बताएगा, लेकिन इंदौर में सबसे ज्‍यादा चर्चा फिलहाल राहुल गांधी के आयोजन की ही है।
अगला लेख
इमरान को जेल धीरे-धीरे मार रहे आसिम मुनीर, इमरान के बेटों का सनसनीखेज आरोप