1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तराखंड
  4. ankita bhandari murder case uttarakhand police sit investigation life imprisonment

अंकिता भंडारी हत्याकांड: तीनों दोषियों को उम्रकैद, उत्तराखंड पुलिस ने बताया कैसे 88 दिन में पूरी हुई जांच

uttrakhand police
उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच और न्यायिक कार्यवाही को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने विस्तृत जानकारी दी है। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने गुरुवार को देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में पुलिस ने घटना सामने आने के 24 घंटे के भीतर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया, जिसने 88 दिनों में जांच पूरी कर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया।
 
पुलिस के मुताबिक, कोटद्वार स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने 30 मई 2025 को तीनों आरोपियों पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी करार देते हुए आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई। तीनों दोषी वर्तमान में जेल में बंद हैं और सजा काट रहे हैं।
 

घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार हुए थे तीनों आरोपी

 
डॉ. मुरुगेशन ने बताया कि वर्ष 2022 में ऋषिकेश के निकट वनंतरा रिजॉर्ट में कार्यरत अंकिता भंडारी के साथ हुई घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की थी। पुलिस की विभिन्न टीमों ने आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए घटना सामने आने के 24 घंटे के भीतर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था।
 

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित हुई थी SIT

 
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। जांच की जिम्मेदारी डीआईजी स्तर की महिला आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई, ताकि मामले की निष्पक्ष, गहन और प्रभावी जांच सुनिश्चित की जा सके।
 

डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों की हुई जांच

 
एडीजी के अनुसार, एसआईटी ने जांच के दौरान डिजिटल, तकनीकी, फॉरेंसिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की गई और फॉरेंसिक रिपोर्ट, गवाहों के बयान तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
 
पुलिस ने बताया कि एसआईटी ने 88 दिनों में जांच पूरी कर लगभग 500 पृष्ठों का विस्तृत आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। इसके बाद शासन की ओर से मामले की त्वरित सुनवाई और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए गए।
 

30 मई 2025 को तीनों दोषियों को सुनाई गई उम्रकैद

 
डॉ. मुरुगेशन ने बताया कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की पैरवी के आधार पर 30 मई 2025 को कोटद्वार स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया और आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई। पुलिस के अनुसार, पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता फिलहाल जेल में बंद हैं और आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। प्रेस वार्ता में पुलिस ने मामले की जांच से लेकर न्यायिक कार्यवाही तक की प्रमुख जानकारियां साझा कीं।
अगला लेख
तिरंगे की शान बढ़ाई, Asian Games के मेडलिस्ट को PM मोदी का संदेश (Video)