1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. क्राइम
  4. Social media influencer Mad Sandhu shot dead in Amritsar.

अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या, ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप

sandhu
पंजाब के अमृतसर से दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां फेमस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात शहर के लोहारका रोड इलाके में हुई। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

हत्‍या के बाद मौके से फरार : मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी श्री वेनिला ने बताया कि यह घटना शाम करीब 6 बजे लोहारका रोड पर हुई। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने इन्फ्लुएंसर मैड संधू पर अचानक गोलियां चला दीं और वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए। घटना के बाद संधू को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस की कई टीमें इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। पुलिस को आरोपियों से जुड़े कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

​दूसरी ओर, इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। सीनियर कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार पर सीधा हमला बोला है। डॉ. वेरका ने कहा कि अमृतसर में दिनदहाड़े खुलेआम गोलियां चल रही हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। पंजाब में इस समय डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

​सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए वेरका ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। एक तरफ युवा नशे से मर रहे हैं और दूसरी तरफ सरेआम कत्ल हो रहे हैं, लेकिन सरकार बड़े-बड़े विज्ञापनों और होर्डिंग्स के जरिए सब कुछ ठीक होने का झूठा दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता भयभीत है। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को राज्य की बदहाल स्थिति की जिम्मेदारी लेते हुए पंजाब की जनता से माफी मांगनी चाहिए। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
अगला लेख
पीएम नरेंद्र मोदी ने हरियाणा भाजपा विधायकों से की मुलाकात, आखिर क्‍यों हुई मुलाकात?