जमुई में नाबालिग लड़की से बदसलूकी, पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला
Jamui Girl Harassment Case: बिहार के जमुई जिले में स्कूटी सवार नाबालिग छात्र-छात्रा को रोककर बदसलूकी और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए एडीजी सुहिता अनुपम ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इस घटना पर राज्य महिला आयोग ने भी कड़ा रुख अपनाया था, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
जमुई में नाबालिग लड़की और उसके साथी के साथ हुई अभद्रता के वायरल वीडियो मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एडीजी सुहिता अनुपम ने जानकारी दी है कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई से ही तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मिथिलेश कुमार पिता नरेश चौधरी, प्रमोद कुमार पिता पंकज चौधरी और गोलू कुमार पिता सिकंदर चौधरी के रूप में हुई है।
#WATCH | Jamui, Bihar | SP Vishwajit Dayal says, "A video went viral this morning, and we received it as well. Based on that video, we identified the victim and recorded her statement. It was revealed that the incident took place around 7 PM on the 19th, showing some youths from… pic.twitter.com/SMLMkjCFsc
— ANI (@ANI)
महिला आयोग ने लिया था संज्ञान
तीनों आरोपी जमुई जिले के मरवा गांव के रहने वाले हैं और उनकी उम्र लगभग 25 से 26 वर्ष के बीच है। पुलिस फिलहाल तीनों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। वीडियो काफी डरावना है। उसमें स्पष्ट नजर आ रहा है कि किस तरह लोग लड़की के साथ खींचतान कर रहे हैं। लड़का भी लड़की को बचाने की कोशिश करता है।
घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद बिहार राज्य महिला आयोग भी हरकत में आ गया था। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा था कि दोषी चाहे कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना 19 सितंबर की शाम की है। जमुई में एक नाबालिग छात्रा अपने एक साथी छात्र के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थी। उसी दौरान सड़क पर कुछ मनचलों ने उनकी स्कूटी को जबरन रोक लिया। युवकों ने दोनों को चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की, मारपीट व अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में पीड़ित लड़का और लड़की रोते हुए हाथ जोड़कर आरोपियों से उन्हें छोड़ देने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि इस दौरान मनचलों ने लड़की के साथ अनुचित तरीके से शारीरिक स्पर्श करने और छेड़खानी करने की कोशिश भी की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया।

