6 दिनों से भूखे हैं इंदौर के प्रहलाद पांडेय, अवैध होर्डिंग के खिलाफ रीगल पर डाला डेरा, कहा, गीता का धर्म निभाऊंगा
- कहा मर जाऊंगा पर उठूंगा नहीं, अब तक प्रशासन से कोई नहीं आया मिलने
- इंदौर में अवैध होर्डिंग के खिलाफ खोला है मोर्चा, पहले लगाया था मारपीट का आरोप
उनके साथ अनशन पर बैठी उनकी मित्र ज्योति सुराणा मीडिया को जानकारी दे रही हैं। उन्होंने बताया कि शहर में अवैध होर्डिंग के खिलाफ यह अनशन शुरू किया गया है।
हमारे साथ मारपीट कर धमकाया : बता दें कि इंदौर में अवैध होर्डिंग के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठे प्रहलाद पांडेय के साथ उनकी पत्नी भी साथ दे रही है। हाल ही में दंपत्ति ने अपने साथ मारपीट का आरोप भी लगाया था। घटना समाजसेवी प्रहलाद पांडेय के साथ हुई। उन्होंने कहा कि शहर में कई जगह अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगे हैं, जिन पर कार्रवाई होना चाहिए, मगर ऐसा नहीं हो रहा है। बता दें कि समाजसेवी प्रहलाद पांडेय और उनकी पत्नी संगीता पांडेय के साथ रीगल तिराहे स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
विधायक समर्थकों ने धमकाया : प्रहलाद पांडेय और उनके साथ उनकी महिला मित्र ज्योति सुराणा ने बताया कि हाल ही में रात 2.30 बजे उन्हें धमकी भरा काल भी आया। दरअसल, बुधवार शाम 6.30 बजे प्रहलाद पांडेय मरीमाता चौराहे पर गए थे। यहां लगे अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर को लेकर वीडियो बना रहे थे। प्रहलाद पांडेय ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस दौरान विधायक गोलू शुक्ला के समर्थक चौराहे पर आ गए। बाद में उन्होंने कॉल कर धमकाया और विधायक के खिलाफ किसी भी तरह का वीडियो बनाने के लिए मना किया। वीडियो बनाने के दौरान पांडेय अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर का जिक्र कर रहे थे। यह भी बता रहे थे कि विधायक कानून बनाते हैं। विधायक की जिम्मेदारी है कि अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर न लगने दें, लेकिन शहरभर में विधायकों के समर्थक अवैध होर्डिंग लगा रहे हैं।
मोबाइन छीनकर वीडियो डिलीट किए : उनके साथ मारपीट की और उनका मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। प्रहलाद ने आरोप लगाया कि बुधवार रात 2.30 बजे मोबाइल पर कॉल आया। कॉल पर धमकाते हुए कहा कि हमें पता है कि तेरा घर कहां है और तेरे बच्चे कहां पढ़ते हैं। भूख हड़ताल समाप्त कर घर चला जा, नहीं तो तेरे साथ ठीक नहीं होगा। मरीमाता चौराहे पर मारपीट की घटना के बाद वे रीगल तिराहे पर महात्मा गांधी की शरण में पहुंचे। उन्होंने रोते हुए अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इसके बाद वे पत्नी के साथ गांधी प्रतिमा के नीचे भूख हड़ताल पर बैठ गए। जब इस बारे में उनके परिचितों को पता चला तो वे भी उनके समर्थन में पहुंच गए।
कैलाश विजयवर्गीय के घर के सामने से ले गई थी पुलिस : बता दें कि प्रहलाद पांडेय और उनकी पत्नी संगीता पांडेय वही दंपती हैं, जो कुछ दिन पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर के बाहर संविधान की कॉपी लेकर पहुंचे थे। वे मंत्री के बयानों से आहत होकर पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस बल भी घर पर तैनात था। उन्हें समझाइश दी गई थी तो वे सड़क पर बैठ गए थे। इस पर पुलिस ने प्रहलाद को टांगाटोली कर उठा लिया था और दंपती पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया था। अब वे फिर से रीगल चौराहे पर अनशन पर बैठ गए हैं।

