सम्बंधित जानकारी
- भोपाल में 31 मई तक सख्त कोरोना कर्फ्यू, समीक्षा बैठक में बोले शिवराज- डॉक्टरों की निगरानी में ही लगाई जाए ऑक्सीजन
- राजस्थान में Corona से 129 और लोगों की मौत, 6225 नए मामले आए सामने
- ब्लैक फंगस : गुजरात के 4 बड़े शहरों में चल रहा है 1100 से ज्यादा मरीजों का इलाज
- WHO ने कहा- वास्तविक से दोगुनी हो सकती Corona से मरने वालों की संख्या
- कर्नाटक में Corona के 32218 नए मामले, 353 और मरीजों की मौत
Coronavirus | दिल्ली में 2 महीने में पहली बार अस्पताल से छुट्टी पाने वालों की संख्या भर्ती होने वालों से अधिक रही
नई दिल्ली। दिल्ली में बीते करीब 2 महीने में पहली बार दैनिक आधार पर संक्रमण से मुक्त होकर अस्पताल से छुट्टी पाने वाले मरीजों की संख्या, अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों से अधिक रही। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 14 मई से अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की तुलना में अस्पताल से छुट्टी पाने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा है।
अधिकारियों के मुताबिक संक्रमण के मामलों में कमी की वजह से अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में कमी आई है। आंकड़ों के अनुसार 16 मई से अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या 1,000 से कम है। 29 अप्रैल को 1 दिन में 1993 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया था।
यह करीब 2 महीने में पहली बार है कि अस्पताल में भर्ती होने वालों की तुलना में कोविड से उबरकर अस्पताल से छुट्टी पाने वालों की संख्या ज्यादा है। आंकड़ों के मुताबिक 1 से 5 अप्रैल के बीच जब दैनिक मामले 5,000 से कम थे तब दैनिक आधार पर अस्पताल से छुट्टी पाने वालों की तुलना में भर्ती होने वालों की संख्या ज्यादा थी।
आंकड़ों के अनुसार 14 मई को कोविड के 1, 256 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया गया जबकि 1, 331 को अस्पतालों से छुट्टी दी गई। दिल्ली में 20 मई को अस्पताल में 560 मरीजों को भर्ती किया गया जबकि 978 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। अगले दिन 1,052 मरीज अस्पताल में दाखिल हुए जबकि 1,379 को अस्पताल से छुट्टी दी गई। दिल्ली में शुक्रवार को कोरोनावायरस के 3,231 नए मामले आए, जो 5 अप्रैल के बाद सबसे कम है जब 3, 548 नए मरीजों की पुष्टि हुई थी। (भाषा)
