1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. varuyn dhawan praises hanuman ansh says divine experience

वरुण धवन मां के साथ देखने पहुंचे 'हनुमान अंश', बोले- ये सिर्फ फिल्म नहीं, एक दिव्य अनुभव है

Hanuman Ansh box office collection
अक्सर बड़े बजट और भारी-भरकम स्टारकास्ट वाली फिल्में ही सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन कभी-कभी कोई ऐसी छोटी फिल्म आती है जो बिना किसी शोर-शराबे के दर्शकों के दिलों पर राज करने लगती है। ऐसी ही एक जादुई कहानी सिनेमाघरों में देखने को मिल रही है। महज 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सफलता का एक नया इतिहास रच दिया है। 
 
बिना किसी सुपरस्टार के बनी इस फिल्म ने अपनी मजबूत कहानी और वर्ड-ऑफ-माउथ के दम पर अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक का शानदार कारोबार कर लिया है। आम दर्शकों के साथ ही बॉलीवुड सेलेब्स भी इस फिल्म की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। 
 

वरुण धवन ने मां के साथ देखी फिल्म 

फिल्म की इस अभूतपूर्व सफलता के बीच बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फिल्म और इसकी पूरी टीम की जमकर तारीफ की है। वरुण ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए दर्शकों से सिनेमाघरों में जाकर 'हनुमान अंश' देखने की भावुक अपील की।
 
वरुण धवन ने कहा, प्लीज थियेटर में जाकर हनुमान अंश देखिए। मैं अभी अपनी मां के साथ इसे देखकर आया हूं और यह बेहद अद्भुत अनुभव था। अपने माता-पिता और दोस्तों को साथ ले जाइए। यह कोई स्पॉन्सर्ड वीडियो नहीं है, मुझे किसी ने कॉल करके यह बोलने को नहीं कहा। मैं यह खुद से कह रहा हूं क्योंकि मेरा बचपन से भगवान हनुमान से जुड़ाव रहा है, लेकिन यह फिल्म वाकई खास है। इसे मैं सिर्फ एक फिल्म नहीं कहूंगा, यह एक दिव्य अनुभव है।
वरुण ने फिल्म के मुख्य अभिनेता और निर्देशक की तारीफ करते हुए आगे कहा, शोभिनव सत्या जी ने फिल्म में शानदार अभिनय किया है, क्या परफॉर्मेंस है! और विशाल जी, आपने जो निर्देशन किया है, उसके लिए हेड्स ऑफ (सलामी)। वाकई कमाल का काम हुआ है।
 

कंगना रनौत और अन्य दिग्गज भी कर चुके हैं तारीफ

फिल्म 'हनुमान अंश' की सराहना करने वालों में वरुण धवन अकेले नहीं हैं। इससे पहले बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने इस फिल्म की तुलना एक 'सत्संग' से की थी। उन्होंने कहा था कि लोगों को अपनी थेरेपी सेशन छोड़ सिनेमाघर जाकर यह फिल्म देखनी चाहिए। इसके अलावा बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर और आदित्य धर ने भी फिल्म के विषय और मेकिंग का खुलकर समर्थन किया है।
 

नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है कहानी

'हनुमान अंश' का निर्देशन और निर्माण स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के बैनर तले विशाल चतुर्वेदी ने किया है। यह फिल्म उनकी किताब 'डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माय लाइफ' पर आधारित है, जो महान संत नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवन और उनके रूपांतरण की कहानी को उजागर करती है।
 
फिल्म में स्वतंत्रता पूर्व भारत के एक छोटे बालक लक्ष्मी नारायण की जीवन यात्रा को दर्शाया गया है। माता के निधन के बाद ईश्वर की खोज में निकला एक बालक कैसे पूरे उत्तर भारत की यात्रा करता है और आगे चलकर श्रद्धेय नीम करोली बाबा के रूप में जाना जाता है, यही इस फिल्म का मूल सार है। फिल्म में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
 

क्यों खास बन गई यह फिल्म?

फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि 'हनुमान अंश' की सफलता यह साबित करती है कि भारतीय दर्शक अब केवल भारी-भरकम एक्शन या वीएफएक्स के पीछे नहीं भाग रहे हैं। यदि फिल्म की आत्मा सच्ची हो और कहानी में ईमानदारी हो, तो कम बजट की फिल्में भी बड़े से बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती हैं। फिल्म की सादगी और भक्ति भाव ने इसे हर उम्र के दर्शकों, खासकर परिवारों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
महाराष्ट्र के मंत्री ने संजय दत्त को मराठी बोलने को कहा, एक्टर बोले- 6 साल येरवडा जेल में रहा, तब भी नहीं सीख पाया