जब 'चलते चलते' के लिए शेखर सुमन ने कर दिया चेक लेने से इंकार, शाहरुख खान ने भेज दिया कीमती तोहफा
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को सिर्फ उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके विनम्र स्वभाव और सह-कलाकारों के प्रति उनके प्रेम के लिए भी जाना जाता है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेता शेखर सुमन ने एक पुरानी याद ताजा की, जिसने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि शाहरुख खान को क्यों 'यारों का यार' कहा जाता है।
यह किस्सा साल 2003 का है, जब शाहरुख खान अपनी फिल्म 'चलते चलते' का निर्माण कर रहे थे। इस फिल्म में रानी मुखर्जी उनके साथ मुख्य भूमिका में थीं। शेखर सुमन ने बताया कि शाहरुख को फिल्म के कमेंट्री और टीजर के लिए एक प्रभावशाली आवाज की जरूरत थी। शाहरुख ने खुद शेखर सुमन को फोन किया और कहा, 'हाय, मैं शाहरुख बोल रहा हूं। मुझे फिल्म के वॉइसओवर के लिए तुम्हारी जरूरत है।'
शेखर सुमन, जो शाहरुख के अच्छे दोस्त रहे हैं, तुरंत इसके लिए तैयार हो गए और उन्होंने स्टूडियो जाकर रिकॉर्डिंग पूरी कर दी। काम पूरा होने के बाद शाहरुख खान ने पेशेवर मर्यादा निभाते हुए शेखर सुमन को उनके काम के बदले एक बड़ा चेक भेजा।
हालांकि, शेखर सुमन ने वह चेक यह कहते हुए वापस कर दिया कि "यह दो दोस्तों के बीच का मामला है, मैं इसके लिए पैसे नहीं ले सकता।" शेखर का मानना था कि दोस्ती में छोटे-मोटे कामों के लिए पैसे लेना उचित नहीं है। लेकिन शाहरुख खान अपनी जिद के पक्के हैं। जब उन्होंने देखा कि शेखर पैसे नहीं ले रहे हैं, तो उन्होंने एक दूसरा तरीका निकाला।
शेखर सुमन ने बताया, शाहरुख ने मेरी बात नहीं मानी। अगली बार उन्होंने मुझे एक बहुत ही महंगी घड़ी भेजी। वह एक खूबसूरत यादगार है जिसे मैंने आज भी संभाल कर रखा है।' यह घटना दर्शाती है कि शाहरुख न केवल अपने काम के प्रति गंभीर हैं, बल्कि वे दूसरों के समय और मेहनत की कद्र करना भी जानते हैं।
अजीज मिर्जा द्वारा निर्देशित फिल्म 'चलते चलते' बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी सफलता थी। 11 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 43 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म के गानों और शाहरुख-रानी की केमिस्ट्री को आज भी याद किया जाता है। शेखर सुमन की आवाज ने उस दौरान फिल्म के प्रमोशन में अहम भूमिका निभाई थी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें