सरके चुनर सॉन्ग विवाद: संजय दत्त के बाद अब नोरा फतेही होंगी NCW के सामने पेश
कन्नड़ फिल्म 'केडी द डेविल' के एक गाने 'सरके चुनर' को लेकर जबरदस्त विवाद हुआ था। इस गाने को लेकर चल रहे कानूनी और सामाजिक विवाद में एक बड़ा मोड़ आने वाला है। गाने में अपने सिजलिंग डांस मूव्स दिखाते नजर आई नोरा फतेही 7 मई को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के समक्ष पेश होने जा रही हैं।
'सरके चुनर' गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए हैं। गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसके बोल और कोरियोग्राफी को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई थीं। आलोचकों और कई सामाजिक संगठनों ने इसे महिलाओं का अपमानजनक चित्रण और "अश्लीलता की नई हद" करार दिया।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले पर 'सुओ मोटो' संज्ञान लेते हुए इसे सार्वजनिक शालीनता और नाबालिगों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव के लिहाज से गंभीर माना। आयोग की अध्यक्ष विजया रहातकर ने स्पष्ट किया है कि "क्रिएटिविटी के नाम पर महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता।"
संजय दत्त ने भी मांगी माफी
इस मामले में फिल्म के मुख्य अभिनेता संजय दत्त पहले ही आयोग के सामने पेश हो चुके हैं। उन्होंने न केवल अपनी ओर से लिखित माफीनामा जमा किया, बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं था।
संजय दत्त ने जिम्मेदारी लेते हुए एक सराहनीय कदम भी उठाया। उन्होंने प्रायश्चित के तौर पर 50 आदिवासी बालिकाओं की शिक्षा को स्पॉन्सर करने का संकल्प लिया। साथ ही, उन्होंने आयोग को आश्वासन दिया कि भविष्य में उनके साथ जुड़ने वाले किसी भी प्रोजेक्ट में कानूनी और नैतिक मापदंडों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
नोरा फतेही को इससे पहले भी आयोग ने तलब किया था, लेकिन विदेश में होने के कारण उन्होंने नई तारीख की मांग की थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, नोरा इस बात पर जोर दे सकती हैं कि एक कलाकार के तौर पर उनका काम केवल निर्देशक और कोरियोग्राफर के विजन को फॉलो करना था। हालांकि, आयोग अब कलाकारों की 'जवाबदेही' पर सवाल उठा रहा है कि क्या उन्हें कंटेंट की संवेदनशीलता का अंदाजा नहीं था?
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें