1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Chief Minister Yogi Adityanath targeted opposition regarding Gorakhpur Industrial Development Authority

गीडा में बूचड़खाना खोलना चाहती थी सपा सरकार, आज 17650 करोड़ का हुआ निवेश : योगी आदित्यनाथ

Gorakhpur Industrial Development Authority
- गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी 502 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, 17,650 करोड़ के एमओयू से 50 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
- 25 एकड़ में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन, एक ही छत के नीचे ट्रेनिंग के साथ मिलेगी नौकरी की गारंटी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- मदुरै में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं जलाने दिया गया दीपक, वहां सपा के डीएनए और कांग्रेस कल्चर वाली सरकार: मुख्यमंत्री योगी
- कट्टा-बम की जगह अब यूपी में बन रही एके-203 राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल, बाप-बाप चिल्लाता है पाकिस्तान: मुख्यमंत्री योगी
- सैफई महोत्सव पर खर्च होता था संस्कृति विभाग का बजट, आज सभी 403 विधानसभाओं में हो रहा विकास: मुख्यमंत्री योगी
- पहले मच्छर और माफिया से बदनाम था पूर्वी यूपी, डबल इंजन सरकार ने दोनों को किया समाप्त: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- यूपी जितनी है यूरोप की आबादी, वहां हर रोज हो रहा दंगा पर यूपी में सब चंगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
Chief Minister Yogi Adityanath : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2004-05 में तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में कोई उद्योग लगाने के बजाय जबरदस्ती एक बूचड़खाना खोलने का कुत्सित प्रयास किया था। तब सांसद रहते हुए उन्होंने सहजनवां के कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन किया और सपा सरकार को दो टूक कहा था कि यदि विकास सैफई जा रहा है तो स्लॉटर हाउस भी वहीं ले जाइए, गोरखपुर अपना विकास स्वयं कर लेगा। आज उसी गीडा में एक नहीं बल्कि तीन-तीन डेयरी, सीमेंट फैक्ट्री, स्टील व प्लास्टिक उद्योगों के साथ हजारों करोड़ रुपए का निवेश आ रहा है।
 
मुख्यमंत्री रविवार को गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर सेक्टर-7 में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बटन दबाकर 502 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया, गीडा की नई वेबसाइट लॉन्च की और हैंडलूम एवं टेक्सटाइल उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट वितरित किए।

कार्यक्रम में 17,650 करोड़ रुपए के नए निवेश से संबंधित एमओयू हुए, जिससे 50,000 युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 463 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली चकभोप आवासीय कॉलोनी का शुभारंभ भी किया, जहां गरीब से लेकर हर वर्ग के लिए आवास तथा श्रमिकों के लिए डॉर्मिटरी व सस्ते भोजन की किचन सुविधा उपलब्ध होगी।

सैफई महोत्सव पर खर्च होता था 85 फीसदी बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि 37 वर्ष पहले स्थापित गीडा के शुरुआती 28-30 वर्ष अंधकारमय थे, क्योंकि खराब सरकारें स्वयं में आपदा होती हैं और परिवारवाद तक सीमित दल कभी विकास नहीं कर सकते। वर्ष 2017 से पहले सरकारी धन कब्रिस्तान की बाउंड्री और गरीबों की जमीन कब्जाने में लगता था। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के कुल बजट का 80 से 85 फीसदी हिस्सा केवल सैफई महोत्सव पर खर्च हो जाता था और शेष प्रदेश के लिए कुछ नहीं बचता था।

आज 403 विधानसभाओं का हो रहा है विकास

आज डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव सभी 403 विधानसभाओं में विकास करा रही है। काशी विश्वनाथ धाम, भव्य श्रीराम मंदिर व नई अयोध्या, मां विंध्यवासिनी धाम, मां शाकंभरी धाम, शुकतीर्थ, नैमिषारण्य, कुशीनगर, श्रावस्ती, सद्गुरु रविदास जी के सीर गोवर्धन और संत कबीर की स्थली मगहर का कायाकल्प हुआ है।

साथ ही बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, सद्गुरु रविदास, महर्षि वाल्मीकि और ज्योतिबा फुले की प्रतिमाओं, मंदिरों व पार्कों का 4,030 से अधिक स्थानों पर सौंदर्यीकरण कराया गया है। उन्होंने सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला द्वारा आठ मंदिरों के पुनरुद्धार तथा अन्य विधायकों के विकास कार्यों की सराहना की।
 

माफिया और मच्छर का किया सफाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश की दो ही पहचान थीं, मच्छर से होने वाली इंसेफेलाइटिस बीमारी और माफिया राज द्वारा उद्योगों से वसूली। इंसेफेलाइटिस से ज्यादातर दलित व पिछड़े वर्ग के मासूम दम तोड़ते थे, लेकिन संवेदनहीन सरकारों को कोई परवाह नहीं थी।
आज डबल इंजन सरकार ने माफिया और मच्छर दोनों को समाप्त कर दिया है। सत्ता से बेदखल होकर बेरोजगार हुए लोग आज विकास का दावा कर रहे हैं, जबकि सत्ता में रहते उन्होंने केवल अपने खानदान और सिंडिकेट के लिए काम किया।
 

एके-203 और ब्रह्मोस से बढ़ी देश की ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें कट्टा और बम बनवाती थीं, लेकिन आज यूपी में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव-203 राइफल, वेबले स्कॉट रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। जब ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मन पर कहर बरपाती है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप चिल्ला उठता है।

गीडा में 15,000 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव पहले ही जमीन पर उतर चुके हैं। धुरियापार के पास सीमेंट फैक्ट्री, गैलेंट व अंकुर उद्योग का स्टील, तत्व प्लास्टिक, फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, दोहरी क्षमता से चलता खाद कारखाना, पिपराइच चीनी मिल और कालेसर-जंगल कौड़िया बाईपास नए गोरखपुर की पहचान हैं।
 

मदुरै में दीपक जलाने से रोका गया

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव पर 36 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित हुए, जबकि तमिलनाडु के मदुरै के पास सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद लोगों को दीपक जलाने से रोका गया, क्योंकि वहां समाजवादी पार्टी के डीएनए और कांग्रेस कल्चर से मिलती-जुलती सरकार है। उन्हें केवल अपने वोट बैंक की चिंता है, आस्था की नहीं। यदि वहां भाजपा की सरकार होती तो कोई दीपक जलाने से नहीं रोक पाता।
 

यूरोप में दंगा पर यूपी में सब चंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूरोप के कई देशों में रोज दंगे, आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट हो रही है। पूरे यूरोप की जितनी आबादी है, अकेले उत्तर प्रदेश की उतनी आबादी है। इसके बावजूद यूपी में न लूटपाट है, न कर्फ्यू है और न दंगा है। यूपी में सब चंगा है, क्योंकि यहां भाजपा की डबल इंजन सरकार है। जहां लोग आपस में बंटे हैं, वहां लगातार कट भी रहे हैं।
 

25 एकड़ में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग जोन

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को कौशल से जोड़ने के लिए 25 एकड़ क्षेत्रफल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन बनाया जा रहा है। यहां सहजनवां, खजनी, चिल्लूपार, बांसगांव, गोरखपुर ग्रामीण, कैम्पियरगंज, पिपराइच, चौरी-चौरा सहित कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, मऊ, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, बस्ती और संतकबीरनगर के युवाओं को एक ही छत के नीचे पंजीकरण, साक्षात्कार व प्रशिक्षण के साथ नौकरी की गारंटी मिलेगी।

डिजिटल प्रदर्शनी व गोरखपुर ट्रेड शो का अवलोकन, बच्चों को मेला दिखाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर परियोजनाओं की डिजिटल प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल, गोरखपुर ट्रेड शो और एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान गीडा के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने गीडा व जिला प्रशासन तथा चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज से आह्वान किया कि वे स्कूली बच्चों, व्यापारियों व उद्यमियों को ट्रेड शो में लाकर यूपी की उत्पादन शक्ति, ओडीओपी और व्यंजन कला का अवलोकन कराएं।
 

निवेश को बढ़ावा देने के लिए छह संस्थाओं के साथ एमओयू

कार्यक्रम के दौरान मंच पर गीडा के सीईओ और छह कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ। इसके तहत क्लीन व नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में कार्यरत एक्मे क्लीनटेक सॉल्यूशंस (ACME Cleantech Solutions) की ओर से संजय धवन, दवा निर्माण व विपणन से जुड़ी सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्रा.लि. (Symbiotic Therapeutics Pvt. Ltd.) के परमानन्द चंद तथा ऑर्बिट इंडस्ट्रीज प्रा.लि. (Orbit Industries Pvt. Ltd.) के अभिषेक अग्रवाल ने गीडा के सीईओ के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया।
 
इसी क्रम में गन्ना व अनाज उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचाने वाली एस.आर. मदर्स नेचर डिस्टिलरी (S.R. Mother's Nature Distillery) के अभिनंदन जैन, जलीय पशु आहार तैयार करने वाली कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स के एवी सुब्रमण्यम व श्रीनिवास तेताली तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, ड्रोन व 3डी तकनीक के प्रशिक्षण एवं विकास पर केंद्रित महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) के सीईओ आयुष चौरसिया ने भी गीडा के सीईओ के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।
 

आवंटन पत्र, प्रमाण पत्र, चेक और टूलकिट वितरित

मुख्यमंत्री ने मंच से ईडब्ल्यूएस व एलआईजी वर्ग के आवंटी आलोक कुमार यादव और शुभम द्विवेदी को आवास आवंटन पत्र प्रदान किए। नए निवेशकों में ऑलइनप्रो इंडस्ट्रीज प्रा.लि. के अभिनव कुमार सिंह, गिर्वाना फूड्स एंड एग्रो इंडस्ट्रीज प्रा.लि. के अतुल सिंह, शशिब्लेस एंटरप्राइजेज की श्वेता मिश्रा, आईके फूड एंड बेवरेजेज के साजिब खान और मेसर्स रमाकांत यादव (ऑटोमेटेड फ्लोर मिल) को आवंटन पत्र दिए गए।
नाइलिट गीडा स्टडी सेंटर के आदित्य शुक्ला, कुमारी प्रिया और निशा भारती को प्रमाण पत्र सौंपे गए। ओडीओपी मार्जिन मनी योजना के तहत मनोज कुमार गुप्ता को 10 लाख रुपए, प्रीति शुक्ला को 16 लाख रुपए और राजकुमार को 5 लाख रुपए के चेक दिए गए। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत ज्ञानती देवी तथा ओडीओपी प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत कुमारी गौरी को टूलकिट प्रदान की गई।
 

विकास से कोई क्षेत्र अछूता नहीं: हंसराज विश्वकर्मा

इस अवसर पर एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बना रही है। 2017 के बाद प्रदेश का कोई क्षेत्र विकास से अछूता नहीं है और बेहतर कानून-व्यवस्था व महिला सुरक्षा के चलते दुनिया भर के उद्योगपति मुख्यमंत्री योगी से यूपी में निवेश के लिए जमीन मांग रहे हैं।
 

सपा शासन में बंद बस्ते में था गीडा: रवि किशन

सांसद रवि किशन ने कहा कि आज बहन-बेटियां सुरक्षित हैं, लेकिन जातिवादी राजनीति करने वाले इसे भूल जाते हैं और कोरोना जैसी विपत्ति में गायब हो जाते हैं। सपा शासन में गोरखपुर पिछड़ा था और गीडा बंद बस्ते में पड़ा था, लेकिन सीएम योगी के नेतृत्व में गीडा की तस्वीर बदल गई है। उन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री मोदी का भी आभार जताया।
 

10 साल में नोएडा की तर्ज पर विकसित हुआ गीडा: प्रदीप शुक्ला

सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 10 वर्षों में गीडा को नोएडा के रूप में विकसित कर दिया है। सपा-बसपा के गुंडाराज में कोई उद्यमी यहां नहीं आता था, जबकि बीते 10 साल में 500 से 600 कंपनियां स्थापित हुई हैं और सहजनवां का निरंतर विकास हो रहा है।
 

कार्यक्रम में उपस्थित रहे  अधिकारीगण, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में नागरिक 

कार्यक्रम में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, विधायक प्रदीप शुक्ला, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, इंजीनियर श्रवण कुमार निषाद, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, जगदंबिका श्रीवास्तव, दिलीप कुमार यादव सहित अधिकारीगण, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अगला लेख
दूल्हे ने शादी से ठीक पहले मांगी थार, दुल्हन पक्ष ने थमाई खिलौना गाड़ी और टूट गया रिश्ता