1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. labour gets 12 crore lottery

मजदूर रातोरात बना करोड़पति, लगी 12 करोड़ की लॉटरी

12 crore lottery
तिरुवनंतपुरम। कहते हैं कि ऊपर वाला जब देता है तो छप्पर फाड़कर देता है। केरल में कन्नूर के रहने वाले एक मजदूर के साथ ही ऐसा ही हुआ, जब उसे खबर मिली कि 12 करोड़ रुपए की लॉटरी लगी है।
 
पेरुन्नन राजन दिहाड़ी मजदूर हैं। करोड़ों रुपए की तो उन्होंने शायद ही कल्पना की होगी, लेकिन 10 फरवरी की एक घटना ने उनकी जिंदगी ही बदल कर रख दी। दरअसल, राजन को 12 करोड़ रुपए की लॉटरी लगी है। टैक्स कटने के बाद उनके खाते में लगभग 7 करोड़ रुपए आएंगे। 
 
मलूर के थोलांबरा (कन्नूर) के रहने वाले 58 वर्षीय राजन के मुताबिक उन्हें अब भी यह सब किसी सपने की तरह लगता है कि वह करोड़पति हो गए हैं। गरीबी के बावजूद राजन लॉटरी का टिकट खरीदना नहीं भूलते थे। उन्हें इस बात का भरोसा था कि एक दिन उनकी किस्मत जरूर बदलेगी।
 
लॉटरी की खबर सुनकर राजन को पहली बार तो भरोसा ही नहीं हुआ कि इतना बड़ा इनाम उन्हें लगा है। यही कारण था कि उन्होंने अपना नंबर बार-बार देखा। तब कहीं जाकर उन्हें भरोसा हुआ। राजन ने पहले थोलांबरा के को-ऑपरेटिव बैंक में संपर्क किया, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें कन्नूर के जिला बैंक जाने के लिए कहा।
 
राजन के मुताबिक लॉटरी के पैसे मिलने के बाद वे सबसे पहले अपना कर्जा चुकाएंगे। वह अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों के लिए भी कुछ करना चाहते हैं।