शारदीय नवरात्रि 2026: 9 दिन पहनें 9 शुभ रंग, जानें किस तिथि को कौन-सा रंग पहनना माना जाता है शुभ
नवरात्रि का प्रत्येक दिन मां दुर्गा के एक विशिष्ट स्वरूप की आराधना के साथ-साथ एक विशेष रंग को समर्पित होता है। शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की विशेष कृपा पाने के लिए जानें नौ दिनों के 9 शुभ रंग। जानें 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक किस तिथि को कौन सा रंग पहनना शुभ रहेगा और जानिए हर रंग का धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व।
हालांकि ये 9 रंग (नारंगी, सफेद, लाल, रॉयल ब्लू, पीला, हरा, ग्रे, बैंगनी और मोरपंखी हरा) हर साल एक समान रहते हैं, लेकिन तिथियों और वार के अनुसार इनके पहनने का क्रम बदलता रहता है। अपनी भक्ति को सकारात्मक ऊर्जा से भरने और अपने परिधानों के माध्यम से देवी मां का अभिनंदन करने के लिए तिथिवार रंगों की सूची और उनका महत्व यहाँ प्रस्तुत है:-
दिनवार शुभ रंग और तिथियां
पहला दिन (11 अक्टूबर, रविवार– प्रतिपदा): नारंगी (Orange) नारंगी वस्त्र धारण करने से मन में स्फूर्ति, उत्साह और चमक का संचार होता है। यह सकारात्मक ऊर्जा से भरा रंग चित्त को सदैव प्रफुल्लित रखता है।
दूसरा दिन (12 अक्टूबर, सोमवार– द्वितीया): सफेद (White) श्वेत परिधान शुद्धता, सरलता और आत्म-सुरक्षा की भावना जगाते हैं। यह शांत चित्त से की गई सच्ची प्रार्थना का प्रतीक है।
तीसरा दिन (13 अक्टूबर, मंगलवार– तृतीया): लाल (Red) लाल रंग पहनना माता रानी के प्रति अगाध प्रेम और क्रियाशीलता को दर्शाता है। यह रंग भक्तों को असीम शक्ति और उल्लास प्रदान करता है।
चौथा दिन (14 अक्टूबर, बुधवार– चतुर्थी): रॉयल ब्लू (Royal Blue) गहरा नीला रंग धारण करने से मन को शांति और गहरे आनंद की अनुभूति होती है। यह देवी के अनंत ज्ञान और जीवन की समृद्धि का प्रतिनिधित्व करता है।
पांचवां दिन (15 अक्टूबर, गुरुवार– पंचमी): पीला (Yellow) पीला रंग पहनने से जीवन में चमक, खुशी और ऊष्मा आती है। यह रंग मन को आशान्वित रखता है और पूरे दिन प्रफुल्लित महसूस कराता है।
छठा दिन (16 अक्टूबर, शुक्रवार– षष्ठी): हरा (Green) हरे रंग के उपयोग से जीवन में स्थिरता, उर्वरता और शांति आती है। यह जीवन की नई और सफल शुरुआत का सूचक है।
सातवां दिन (17 अक्टूबर, शनिवार– सप्तमी): स्लेटी / ग्रे (Grey) स्लेटी रंग एक व्यावहारिक और संतुलित विचारधारा को दर्शाता है। यह उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो सादगी के साथ अपनी एक अलग शैली पेश करना चाहते हैं।
आठवां दिन (18/19 अक्टूबर, रविवार/सोमवार– अष्टमी): बैंगनी (Purple) बैंगनी रंग का प्रयोग राजसी भव्यता और समृद्धि को दर्शाता है। माता के पूजन में यह रंग सुख और संपन्नता का आशीर्वाद लाता है।
नौवां दिन (19/20 अक्टूबर, सोमवार/मंगलवार– नवमी): मोरपंखी हरा (Peacock Green) नीले और हरे रंग के इस दिव्य मिश्रण का उपयोग करने से समृद्धि और नवीनता- दोनों का लाभ मिलता है। यह आपकी विशिष्ट पहचान को निखारता है।
सुझाव: अष्टमी और नवमी 19 अक्टूबर की रहेगी इसलिए इस दिन मोरपंखी ज्यादा बेहतर रहेगा। दूसरा यह कि इस नवरात्रि पूजा या गरबा उत्सव में भाग लेते समय इन शुभ रंगों का ध्यान रखें। प्रतिदिन रंग के अनुसार परिधान व आभूषण चुनकर आप न केवल अपनी शैली को निखार सकते हैं, बल्कि माता भवानी की विशेष कृपा भी प्राप्त कर सकते हैं।

