सम्बंधित जानकारी
- आतंकियों के मददगार DSP देविंदर सिंह को सिख पंथ से बहिष्कृत करने की अकाल तख्त से मांग
- DSP देविंदर से जल्द ही सब कुछ उगलवाना चाहती है NIA
- आतंकियों के यार DSP देविंदर को बर्खास्त करने की सिफारिश
- DSP देविंदर के ठिकाने से 15वीं कोर का नक्शा जब्त, करीबियों के यहां भी छापे
- DSP देविंदर पर बड़ा खुलासा, 12 लाख में आतंकियों को दिल्ली पहुंचाने की डील
DSP देविंदर से वापस लिया पुलिस पदक, आतंकियों की मदद के आरोप में हुआ था गिरफ्तार
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने आतंकवादियों को जम्मू-कश्मीर से बाहर निकलने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार पुलिस उपाधीक्षक देविन्दर सिंह को बहादुरी के लिए दिया गया शेर-ए-कश्मीर पुलिस पदक बुधवार को वापस ले लिया।
सरकारी आदेश के अनुसार, निलंबित अधिकारी का कदम विश्वासघात के बराबर है और उससे बल की छवि खराब हुई है। आदेश के अनुसार, सिंह को 2018 में पुलिस पदक दिया गया था।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने शनिवार को सिंह को दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के मीर बाजार में हिजबुल मुजाहिदीन के दो आतंकवादियों नवीद बाबा और अल्ताफ के साथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा एक अज्ञात वकील भी उनके साथ था जो आतंकी संगठनों के लिए काम कर रहा था।
सरकारी आदेश में कहा गया कि दो आतंकवादियों को जम्मू-कश्मीर से बाहर निकलने में मदद करने की कोशिश और हथियारों एवं गोला-बारूद की बरामदगी विश्वासघात के बराबर है और इससे बल की छवि खराब हुई है। इसी के चलते 11 जनवरी को देविन्दर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया और उनसे शेर-ए-कश्मीर पुलिस पदक वापस लिया जाता है। प्रधान सचिव (गृह) शालीन काबरा ने इस आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं।
गिरफ्तारी के तत्काल बाद सिंह के आवास सहित विभिन्न जगहों पर पुलिस टीम भेजी गई थी। सिंह के आवास से दो पिस्तौल, एक एके राइफल और काफी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया।
