बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Pak firing on LOC
Written By सुरेश एस डुग्गर
Last Updated : गुरुवार, 1 अक्टूबर 2020 (18:48 IST)

LoC पर जबरदस्त गोलाबारी में 3 जवान शहीद, 5 घायल, भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब

LoC पर जबरदस्त गोलाबारी में 3 जवान शहीद, 5 घायल, भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब - Pak firing on LOC
जम्मू। पाक सेना ने एलओसी (LoC) पर कई स्थानों पर भारतीय सैनिक ठिकानों को गोलों की बरसात से पाट डाला। नतीजतन 3 भारतीय सैनिक शहीद हो गए तथा 5 अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों की दशा नाजुक बताई जा रही है। 
 
आज वीरवार सुबह जिला कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा से सटे नौगाम सेक्टर में भारी गोलाबारी की है तथा बुधवार रात पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे कृष्णा घाटी में भी गोले बरसाए। पिछले 12 घंटों के दौरान पाकिस्तान द्वारा की गई इस गोलाबारी में तीन भारतीय जवान शहीद जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल जवानों को इलाज के लिए सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं भारतीय जवानों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में भी पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा है। बहुत लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
 
बुधवार रात पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गए। उत्तरी कश्मीर के नौगाम सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने जंगबंदी का उल्लंघन किया। इसमें 2 जवान शहीद हुए हैं। चार जवानों के जख्मी होने की सूचना भी है। बताया जा रहा है कि कल रात कृष्णा घाटी में पाक द्वारा किए गए संघर्षविराम के उल्लंघन में एक लांस नायक करनैल सिंह शहीद हो गए। वे पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले थे।
 
 कल रात मेंढर सब डिवीजन के मनकोट सेक्टर में भारी गोलाबारी की। सेना की चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते  हुए 120 एमएम के मोर्टार बरसाए। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
 
एलओसी से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं है। देर रात गोलाबारी जारी थी। जानकारी के अनुसार रात को पाकिस्तानी सेना ने मनकोट सेक्टर में गोलाबारी शुरू कर दी। इससे पहले कल सुबह भी तड़के पाकिस्तानी सेना ने मनकोट सेक्टर में भारी गोलाबारी की थी। 
 
अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर संघर्षविराम का उल्लंघन कर पाकिस्तानी रेंजर्स ने करीब 7 घंटे गोलाबारी कर बीएसएफ की पोस्ट को निशाना बनाया। कल रात 10 बजे से लेकर आज सुबह पांच बजे तक पाकिस्तान की पप्पू चक पोस्ट से 25 चिनाब के रेंजर्स ने गोलाबारी कर बीएसएफ की करोल मात्रयां को निशाना बनाया, जिसका बीएसएफ ने भी करारा जवाब दिया। किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
 
दरअसल, सीमा पर चल रहे सुरक्षा बांध को बनाने का कार्य शुरू होते ही पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी जाती है। इसके अलावा गोलाबारी की आड़ में पाकिस्तान घुसपैठ कराने की ताक में भी रहता है। इसके पहले कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मंगलवार की पूरी रात रुक-रुककर गोलाबारी होती रही। भारतीय क्षेत्र में इसका कोई नुकसान नहीं हुआ है।