शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. संयुक्त राष्‍ट्र में पाकिस्तान को जवाब देंगे पीएम मोदी
Written By
Last Updated : शनिवार, 26 सितम्बर 2020 (08:53 IST)

संयुक्त राष्‍ट्र में पाक ने छेड़ा कश्मीर राग, अब पीएम मोदी देंगे करारा जवाब

Narendra Modi | संयुक्त राष्‍ट्र में पाकिस्तान को जवाब देंगे पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को ऑनलाइन संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में पीएम मोदी पाकिस्तान को करारा जवाब दे सकते हैं। कोरोनावायरस महामारी के कारण संयुक्त राष्ट्र महासभा का आयोजन ऑनलाइन किया जा रहा है।
 
सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री का पहले से रिकॉर्ड किया जा चुका यह संबोधन न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा हॉल में स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे) होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्वाह्न में मोदी पहले वक्ता होंगे। 
 
सूत्रों ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा के जारी 75वें सत्र के दौरान भारत की प्राथमिकता आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक कार्रवाई को और मजबूत करने पर जोर देने की होगी। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 75वें सत्र में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने पहले से रिकॉर्ड किए वीडियो संबोधन में जम्मू-कश्मीर समेत भारत के आंतरिक मामलों का जिक्र किया था।
 
जब खान के संबोधन में भारत का जिक्र आया तब संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के प्रथम सचिव मिजितो विनितो महासभा हॉल से बाहर चले गए।
ये भी पढ़ें
कोरोनावायरस Live Updates: 9 दिन में कोरोना के एक करोड़ से अधिक नमूनों की जांच