सम्बंधित जानकारी
- मुंबई में आफत की बारिश, चेंबूर में गिरी दीवार, 15 की मौत
- मुंबई में भारी बारिश, कई इलाकों में भरा पानी, हाईटाइड की चेतावनी
- Live Updates : महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन
- मुंबई हादसा: 4 मंजिला इमारत ढहने से 11 लोगों की मौत, 5 लाख के मुआवजे का ऐलान
- Health Care : Food Poisoning हो जाए तो घबराएं नहीं जानिए 5 असरदार उपाय
मुंबई में भारी बारिश से 25 की मौत, लोगों को याद आई 2005 की बारिश
मुंबई। महानगर में रातभर हुई भारी बारिश के कारण मकान गिरने की घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही वित्तीय राजधानी में मूसलाधार बारिश के कारण जलभराव के चलते लोकल ट्रेन सेवा तथा यातायात भी प्रभावित है। इस बारिश ने 26 जुलाई, 2005 को 24 घंटे में 944 मिमी वर्षा होने की याद दिला दी।
पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने भारी बारिश के चलते मुंबई में उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया है तथा लंबी दूरी की कई ट्रेनों का या तो मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है या उनका अन्य स्टेशनों से परिचालन हो रहा है।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि चैंबूर में एक पर्वतीय क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक परिसर की दीवार ढहने से उसके नीचे दबकर 17 लोगों की मौत हो गई।
मुंबई में माहुल इलाके के वाशी नाका में देर रात करीब एक बजे एक पेड़ के गिर जाने से उससे सटे एक मकान की दीवार ढह गई। घटना में सात लोग घायल हो गए, जिन्हें पास के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी बारिश के कारण मुंबई के विखरोली उपनगर में देर रात करीब ढाई बजे भूस्खलन के चलते 6 कच्चे मकानों के ढह जाने से 7 लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उपनगर भांडुप में वन विभाग परिसर की दीवार ढह जाने से 16 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश की पृष्ठभूमि में मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट चेतावनी का संकेत है जो अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए कहता है।
आईएमडी ने आज सुबह जारी अपने बुलेटिन में बताया कि जलवायु परिस्थितियों में अचानक बदलाव के कारण मुंबई में छह घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश हुई। मौसम विभाग ने शहर के लिए बारिश के पूर्वानुमान को ऑरेंज से रेड अलर्ट में भी बदल दिया है।
आईएमडी ने कहा कि रविवार सुबह साढ़े छह बजे तक मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले 12 घंटों में 120 मिमी से अधिक बारिश हुई। इसने अनुमान जताया कि मुंबई में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी और अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होगी।
