1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Monsoon Update, Monsoon, Meteorological Department

मानसून अपडेट : समय से पहले 29 मई को केरल पहुंचेगा मानसून, बारिश होगी इस बार झमाझम

Monsoon Update
नई दिल्ली। इस बार मानसून अपने संभावित समय से तीन दिन पहले आएगा। इसके 29 मई को केरल के तटीय इलाके में पहुंचने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी है। पहले इसके एक जून को मानसून पहुंचने की संभावना जताई गई थी।


मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बन रहे माहौल से लग रहा है कि वहां 23 मई को मानसून पहुंच जाएगा। इसके बाद केरल के तटीय इलाकों में मानसून पूर्व की वर्षा शुरू होने की संभावना है। माना जाता है कि अंडमान सागर से केरल में मानसून के प्रविष्ट होने में एक सप्ताह से कम का समय लगता है। मानसून के करीब आने पर नजदीकी इलाकों का तापमान बदलने लगता है और वहां की आ‌र्द्रता बढ़ जाती है।

मौसम विभाग मानसून का आगमन घोषित दिन से चार दिन की घट-बढ़ मानकर चलता है। केरल पहुंचने वाला मानसून ही सक्रिय होकर देश के उत्तरी क्षेत्र में आता है जिससे राजधानी दिल्ली समेत उत्तर और दक्षिण के राज्यों को गर्मी से राहत मिलती है। वर्ष 2018 में उम्मीद 97 प्रतिशत बारिश होने की है, जो सामान्य वर्षा होगी। पूरे वर्ष में 96 से 104 प्रतिशत बारिश होने पर मानसून को सामान्य माना जाता है।

जबकि 90 से 96 प्रतिशत वर्षा को सामान्य से कम कहा जाता है। मौसम पर नजर रखने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट ने भी पिछले हफ्ते 28 मई को मानसून के केरल तट पर पहुंचने की संभावना जताई थी। पिछले वर्ष संभावना के अनुरूप 30 मई को मानसून केरल पहुंचा था।
अगला लेख
पीएम मोदी का जम्मू-कश्मीर दौरा, देश की सबसे बड़ी सुरंग का करेंगे उद्घाटन