हेमंत सोरेन का दावा, झारखंड से भाजपा का हो जाएगा सफाया
Hemant Soren's claim regarding assembly elections : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को भाजपा पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का राज्य से सफाया हो जाएगा। अपने आवास पर झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा कि उन्हें जेल में बंद करने की साजिश रचने वालों के खिलाफ विद्रोह होगा और झारखंड के लोग भाजपा को नहीं बख्शेंगे।
भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का समय आ गया : झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का समय आ गया है। आने वाले दिनों में झारखंड से भाजपा का सफाया हो जाएगा। धन शोधन के एक मामले में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के बाद सोरेन को शुक्रवार को बिरसा मुंडा जेल से रिहा किया गया।
लोकसभा चुनाव में सबक सिखाया : झामुमो नेता को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 8.36 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सभी संवैधानिक प्रतिष्ठानों पर नियंत्रण कर लिया है, लेकिन लोगों ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में उसे सबक सिखाया है।
वे जिस दिन चाहें चुनाव करा लें : भाजपा पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मेरी जानकारी में आया है कि वे विधानसभा चुनाव समय से पहले कराने की योजना बना रहे हैं, मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे जिस दिन चाहें चुनाव करा लें, झारखंड में विधानसभा चुनाव जीतने का भाजपा का सपना मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा होगा। भाजपा कई राज्यों में आदिवासियों को मुख्यमंत्री बना रही है, लेकिन वे सिर्फ रबर स्टाम्प हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें