1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi elections AAP attacks congress

AAP ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप, दी इंडिया गठबंधन से निकलवाने की धमकी

sanjay singh
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा से मिलीभगत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हरकतों की वजह से इंडिया गठबंधन की एकता को नुकसान हो रहा है। दिल्ली में फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।
 
सिंह ने कहा कि हमने हरियाणा चुनाव के दौरान कांग्रेस के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। कांग्रेस फिर भी भाजपा की तरह काम कर रही है। कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची देखें तो लगता है कि जैसे भाजपा के कार्यालय में बनी हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अजय माकन और संदीप दीक्षित भाजपा पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय आप को निशाना बना रहे हैं।
 
सिंह ने कहा कि अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल को राष्ट्र-विरोधी कहकर सभी सीमाएं लांघ दीं। अतीत में कांग्रेस के लिए प्रचार करने के बावजूद अब केजरीवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है जबकि कांग्रेस ने भाजपा के किसी नेता के खिलाफ एक भी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई।
 
आतिशी ने भी इसी तरह की बात कहते हुए दावा किया कि कांग्रेस आप को कमजोर करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि यह बात पक्की है कि संदीप दीक्षित और फरहाद सूरी जैसे कांग्रेस उम्मीदवारों को भाजपा का समर्थन मिल रहा है। यह मिलीभगत इंडिया गठबंधन के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता पर प्रश्न खड़े करती है।
आप ने माकन और कांग्रेस के अन्य नेताओं के खिलाफ 24 घंटे में अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि अगर कोई कदम नहीं उठाया गया तो वह कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर निकालने के लिए दबाव बनाएगी।
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Year 2024: एक साथ चुनाव की योजना पर आगे बढ़ी सरकार, आम चुनाव में देश ने बनाया रिकॉर्ड