संविधान की रोशनी में बदल जाता है कलम का दायरा
संविधान दिवस पर विशेष
- रफी मोहम्मद शेख
किसी भी देश का संविधान केवल कानूनों और नियमों का संकलन नहीं होता, बल्कि वह उस समाज के सामूहिक नैतिक संकल्पों, अधिकारों, स्वतंत्रता और समानता की आकांक्षाओं का दस्तावेज भी होता है। भारत का संविधान नागरिकों को केवल अधिकार नहीं देता, बल्कि शासन, प्रशासन, संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जवाबदेही भी तय करता है। यही वजह है कि संविधान की भावना केवल संसद, न्यायपालिका या सरकार तक सीमित नहीं है। समाज के हर उस हिस्से पर इसकी जिम्मेदारी लागू होती है, जो जनमत और लोकतांत्रिक चेतना को प्रभावित करता है। पत्रकारिता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
किसी भी देश का संविधान केवल कानूनों और नियमों का संकलन नहीं होता, बल्कि वह उस समाज के सामूहिक नैतिक संकल्पों, अधिकारों, स्वतंत्रता और समानता की आकांक्षाओं का दस्तावेज भी होता है। भारत का संविधान नागरिकों को केवल अधिकार नहीं देता, बल्कि शासन, प्रशासन, संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जवाबदेही भी तय करता है। यही वजह है कि संविधान की भावना केवल संसद, न्यायपालिका या सरकार तक सीमित नहीं है। समाज के हर उस हिस्से पर इसकी जिम्मेदारी लागू होती है, जो जनमत और लोकतांत्रिक चेतना को प्रभावित करता है। पत्रकारिता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ कहा जाता है, लेकिन इस स्तंभ की मजबूती केवल समाचारों की संख्या, प्रसार, पाठकों की पहुंच या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले क्लिक से तय नहीं होती। इसकी असली ताकत इस बात में है कि वह समाज के कमजोर, वंचित और हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज कितनी प्रभावी ढंग से सामने लाती है, सत्ता और संस्थाओं से कितने जरूरी सवाल पूछती है तथा नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति कितना जागरूक बनाती है।
जब कोई पत्रकार समाचार लिखता है, तो वह केवल किसी घटना की सूचना नहीं देता, बल्कि उस घटना को देखने और समझने का नजरिया भी तैयार करता है। उसके चुने हुए शब्द, खबर का शीर्षक, तथ्यों का चयन और किसी पक्ष को दी गई जगह पाठकों की सोच को प्रभावित करते हैं। इसलिए पत्रकारिता का संवैधानिक दायित्व केवल तथ्य प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि तथ्यों को न्याय, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा के व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना भी है।
आज पत्रकारिता के सामने बाजार का दबाव, राजनीतिक और संस्थागत प्रभाव, डिजिटल माध्यमों पर तेजी से फैलती सूचनाएं तथा टीआरपी और क्लिक की प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियां हैं। ऐसे समय में संवैधानिक मूल्य पत्रकारिता के लिए नैतिक दिशा-सूचक की तरह काम कर सकते हैं। खासकर शिक्षा से जुड़ी रिपोर्टिंग में इन मूल्यों की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि शिक्षा केवल संस्थानों, पाठ्यक्रमों, परीक्षाओं और रिजल्ट्स का विषय नहीं, बल्कि समान अवसर और सामाजिक न्याय की बुनियाद है।
शिक्षा रिपोर्टिंग : संस्थानों से आगे अधिकारों की पड़ताल
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 21-ए छह से चौदह वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का अधिकार सुनिश्चित करता है। वहीं, संविधान के नीति निदेशक तत्वों में भी शिक्षा और कमजोर वर्गों के हितों की रक्षा को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इस दृष्टि से शिक्षा को केवल बाजार की मांग, रोजगार या संस्थानों की उपलब्धियों तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता।
शिक्षा संबंधी खबरों में अक्सर नए कॉलेजों की शुरुआत, यूनिवर्सिटीज की रैंकिंग, परीक्षा रिजल्ट, प्रवेश प्रक्रिया, सीट्स की संख्या और कोर्सेस में बदलाव को प्रमुखता मिलती है। ये सूचनाएं महत्वपूर्ण हैं, लेकिन शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर इससे कहीं व्यापक है। किसी जिले में कितने स्कूल हैं, कितने शिक्षक उपलब्ध हैं, कितने बच्चों को माध्यमिक शिक्षा तक पहुंच मिल रही है, ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के सामने क्या बाधाएं हैं तथा सरकारी संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता कैसी है, ये सवाल भी उतने ही जरूरी हैं।
किसी गांव में स्कूल की बिल्डिंग बन जाना और वहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होना दो अलग-अलग स्थितियां हैं। स्कूल में शिक्षक नहीं हैं, कक्षाएं नियमित नहीं लगतीं, बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए कई किलोमीटर जाना पड़ता है या आर्थिक कारणों से वे शिक्षा छोड़ देते हैं, तो केवल स्कूलों की संख्या बताने वाली खबर शिक्षा के अधिकार की वास्तविक स्थिति नहीं बता सकती।
इसी तरह, कॉलेजों की मान्यता, सीट्स की उपलब्धता, फीस, एडमिशन प्रक्रिया और शिक्षकों के खाली पदों की रिपोर्टिंग केवल प्रशासनिक सूचना नहीं है। इनका सीधा संबंध विद्यार्थियों के भविष्य और समान अवसर से है। पत्रकारिता को यह जांचना चाहिए कि शिक्षा व्यवस्था वास्तव में किसके लिए अवसर पैदा कर रही है और कौन अब भी इन अवसरों से बाहर है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ तथ्यात्मक जिम्मेदारी
संविधान का अनुच्छेद 19(1)(क) नागरिकों को बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है। इसी संवैधानिक स्वतंत्रता के दायरे से प्रेस की स्वतंत्रता भी विकसित हुई है। यह अधिकार पत्रकारिता को सत्ता, व्यवस्था और संस्थानों से सवाल पूछने का आधार देता है। हालांकि, यह स्वतंत्रता निरपेक्ष नहीं है। अनुच्छेद 19(2) के तहत संविधान में निर्धारित आधारों पर कानून द्वारा युक्तियुक्त प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
इसका अर्थ यह नहीं है कि पत्रकारिता को सवाल पूछने से बचना चाहिए, बल्कि यह है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी है। किसी नीतिगत फैसले, सरकारी आदेश, यूनिवर्सिटी के निर्णय या संस्थागत अनियमितता पर खबर प्रकाशित करते समय दस्तावेजों, तथ्यों और संबंधित पक्षों की पुष्टि जरूरी है।
डिजिटल मीडिया के दौर में किसी अधूरी सूचना, अपुष्ट दावे या सोशल मीडिया पोस्ट को खबर बना देना आसान हो गया है। लेकिन तेजी से सूचना देने की प्रतिस्पर्धा में तथ्यात्मक शुद्धता से समझौता पत्रकारिता की विश्वसनीयता को कमजोर करता है।
किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप लगाना और उसे प्रमाणित तथ्य के रूप में प्रस्तुत करना दो अलग-अलग बातें हैं। पत्रकार को इस अंतर का ध्यान रखना चाहिए। स्वतंत्र पत्रकारिता का अर्थ केवल अपनी बात कहने की स्वतंत्रता नहीं, बल्कि दूसरों की बात सुनने, सत्ता के दावों की जांच करने और पाठकों के सामने प्रमाण आधारित तस्वीर रखने की क्षमता भी है।
समानता और गरिमा : खबरों की भाषा भी तय करती है लोकतंत्र का स्तर
संविधान की प्रस्तावना और अनुच्छेद 14 समानता के सिद्धांत को स्थापित करते हैं, जबकि अनुच्छेद 21 जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा करता है। इन अधिकारों का एक महत्वपूर्ण पक्ष मानवीय गरिमा है। पत्रकारिता में इन मूल्यों की सबसे प्रत्यक्ष परीक्षा भाषा और प्रस्तुति के स्तर पर होती है।
किसी अपराध, दुर्घटना, सामाजिक विवाद या शैक्षणिक असफलता की रिपोर्टिंग करते समय इस्तेमाल किए गए शब्द किसी व्यक्ति की सार्वजनिक छवि को प्रभावित कर सकते हैं। किसी जाति, धर्म, क्षेत्र, लिंग या समुदाय को लेकर सामान्यीकरण करना अथवा किसी विद्यार्थी को उसकी आर्थिक स्थिति, भाषा, दिव्यांगता या परीक्षा परिणाम के आधार पर पहचान देना सामाजिक पूर्वाग्रहों को मजबूत कर सकता है।
उदाहरण के लिए, परीक्षा में असफल विद्यार्थियों की खबर को केवल कम अंक या असफलता के आंकड़ों तक सीमित करने के बजाय यह देखना भी जरूरी है कि उनके सामने किस तरह की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक परिस्थितियां थीं। इसी तरह, किसी ग्रामीण या आदिवासी क्षेत्र के स्कूलों की कमजोर स्थिति को वहां के बच्चों की क्षमता से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। समस्या व्यवस्था में हो सकती है, लेकिन खबर की भाषा अनजाने में उसका दोष विद्यार्थियों पर डाल सकती है।
दुर्घटना, हिंसा और उत्पीड़न के मामलों में पीड़ित की पहचान, निजता और आत्म-सम्मान की रक्षा भी पत्रकारिता की जिम्मेदारी है। किसी की पीड़ा को सनसनीखेज शीर्षक या तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत करना पाठकों का ध्यान तो खींच सकता है, लेकिन इससे मानवीय गरिमा का हनन होने का खतरा रहता है।
पंथनिरपेक्षता और बहुलतावाद : विविधता को जगह देने वाली पत्रकारिता
भारत की सामाजिक संरचना अनेक धर्मों, भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं से मिलकर बनी है। संविधान की पंथनिरपेक्ष भावना सभी नागरिकों को समान सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता का आधार प्रदान करती है। ऐसे समाज में पत्रकारिता का काम केवल घटनाओं को दर्ज करना नहीं, बल्कि अलग-अलग समुदायों और विचारों के बीच संवाद की जगह बनाए रखना भी है।
धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विषयों की रिपोर्टिंग में किसी एक समुदाय या विश्वास को श्रेष्ठ अथवा हीन दिखाने वाली भाषा से बचना जरूरी है। किसी विवाद की खबर में एक पक्ष के दावे को पूरे समुदाय की राय के रूप में प्रस्तुत करना या किसी घटना को धार्मिक पहचान के आधार पर सामान्यीकृत करना सामाजिक दूरी बढ़ा सकता है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी बहुलतावाद का विशेष महत्व है। भाषा नीति, पाठ्यक्रम, इतिहास लेखन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विवादों में अलग-अलग अकादमिक दृष्टिकोणों को जगह मिलनी चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य किसी एक विचार को स्थापित करना नहीं, बल्कि तथ्यों और तर्कों के आधार पर पाठकों को विभिन्न पक्षों से परिचित कराना होना चाहिए।
न्याय और निष्पक्षता : आरोप को फैसला न बना दे खबर
संवैधानिक लोकतंत्र में न्याय केवल अदालतों की जिम्मेदारी नहीं है। निष्पक्षता और न्यायपूर्ण प्रक्रिया का सम्मान सार्वजनिक विमर्श में भी जरूरी है। किसी व्यक्ति, शिक्षक, विद्यार्थी, अधिकारी या संस्था पर आरोप लगने का अर्थ यह नहीं कि आरोप अपने आप प्रमाणित हो गया।
विशेष रूप से शिक्षा संस्थानों से जुड़ी अनियमितताओं, वित्तीय गड़बड़ियों, नियुक्तियों, परीक्षा परिणामों और प्रशासनिक विवादों की रिपोर्टिंग में आरोप और प्रमाण के बीच अंतर बनाए रखना जरूरी है। संबंधित पक्षों का दृष्टिकोण लेना, उपलब्ध दस्तावेजों की जांच करना और जांच की स्थिति स्पष्ट करना खबर की विश्वसनीयता बढ़ाता है।
कई बार किसी संस्थान या अधिकारी के खिलाफ जांच शुरू होने की खबर को ही इस तरह प्रस्तुत किया जाता है, मानो दोष सिद्ध हो चुका हो जबकि जांच का उद्देश्य तथ्यों का पता लगाना होता है। पत्रकारिता को इस प्रक्रिया और उसके निष्कर्ष के बीच का अंतर समझना चाहिए।
दोनों पक्षों को सुनने का अर्थ यह भी नहीं कि हर मामले में सभी दावों को समान रूप से सही मान लिया जाए। निष्पक्षता का आधार उपलब्ध प्रमाण, तथ्य और सार्वजनिक हित होना चाहिए। यही पत्रकारिता को पक्षधरता और संतुलित रिपोर्टिंग के बीच सही अंतर समझने में मदद करता है।
सत्ता से सवाल : जनहित ही पत्रकारिता की प्राथमिकता
लोकतंत्र में सत्ता का विकेंद्रीकरण, जवाबदेही और पारदर्शिता महत्वपूर्ण संवैधानिक मूल्य हैं। सरकार, प्रशासन, यूनिवर्सिटी, शैक्षणिक संस्थान या कोई भी सार्वजनिक संस्था जनता के प्रति जवाबदेह है। पत्रकारिता इस जवाबदेही को व्यवहार में लाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
किसी सरकारी योजना की घोषणा, बजट आवंटन या नई नीति की जानकारी प्रकाशित करना जरूरी है, लेकिन पत्रकारिता की भूमिका वहीं समाप्त नहीं हो जाती। उसे यह भी देखना चाहिए कि बजट का कितना उपयोग हुआ, योजना का लाभ किन लोगों तक पहुंचा, घोषित सुविधाएं जमीन पर उपलब्ध हैं या नहीं और जिम्मेदार संस्थाओं ने अपने दायित्वों का कितना निर्वहन किया।
शिक्षा रिपोर्टिंग में यह सवाल और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों के लिए कितनी राशि आवंटित की, कितने शिक्षक नियुक्त किए, कितने पद खाली हैं, शोध और नवाचार के लिए कितना अनुदान मिला तथा संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों को कितना लाभ पहुंचा- इनकी पड़ताल केवल शैक्षणिक खबर नहीं, बल्कि सार्वजनिक जवाबदेही का हिस्सा है।
विज्ञापन, राजनीतिक दबाव, संस्थागत संबंध और बाजार के हित कई बार खबरों की प्राथमिकता प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में पत्रकारिता की विश्वसनीयता इसी बात से तय होती है कि वह जनहित को कितनी प्राथमिकता देती है। सत्ता से सवाल पूछना किसी सरकार या संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि उसके दायित्वों और कार्यों की जांच करना है।
बंधुत्व : समाज को जोड़ने वाली भाषा और दृष्टि
संविधान की प्रस्तावना में बंधुत्व को व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता से जोड़ा गया है। इसका आशय केवल सामाजिक सद्भाव बनाए रखना नहीं, बल्कि ऐसा समाज तैयार करना भी है जहां अलग-अलग पहचान और विचार रखने वाले लोग समान सम्मान के साथ रह सकें।
पत्रकारिता में किसी मुद्दे को प्रस्तुत करने का तरीका समाज में संवाद को बढ़ावा भी दे सकता है और अनावश्यक विभाजन भी पैदा कर सकता है। कैंपस विवाद, सामाजिक तनाव, धार्मिक मुद्दे या आरक्षण जैसे संवेदनशील विषयों पर रिपोर्टिंग करते समय तथ्यात्मक और विश्लेषणात्मक भाषा का महत्व बढ़ जाता है।
इसका अर्थ विवादों से बचना या असहज सवालों को दबाना नहीं है बल्कि ऐसे सवालों को इस तरह सामने रखना है कि पाठक मुद्दे की गंभीरता समझ सकें और समाज में तर्कपूर्ण संवाद की संभावना बनी रहे। बंधुत्व की भावना पत्रकारिता को यह याद दिलाती है कि खबरों के केंद्र में अंततः मनुष्य और उसका सम्मान होना चाहिए।
बाजार और रफ्तार से आगे विश्वसनीयता की चुनौती
आज समाचार माध्यमों के सामने एक बड़ी चुनौती यह है कि खबर की सफलता को तेजी, पहुंच, व्यूज, क्लिक और विज्ञापन के पैमाने पर मापा जाने लगा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुछ सेकंड में खबर का शीर्षक पाठक तक पहुंच जाता है, लेकिन उस खबर के पीछे की सामाजिक और संवैधानिक सच्चाई कई बार छूट जाती है।
किसी यूनिवर्सिटी की रैंकिंग की खबर प्रकाशित करना आसान है, लेकिन उस रैंकिंग के पीछे शोध, शिक्षकों की उपलब्धता, पेटेंट, वित्तीय संसाधन और अकादमिक गुणवत्ता की पड़ताल करना अधिक श्रम मांगता है। इसी तरह, परीक्षा परिणाम में सफल विद्यार्थियों की संख्या बताना आसान है, लेकिन यह जानना कठिन है कि कितने विद्यार्थी आर्थिक और सामाजिक कारणों से पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हुए।
यही अंतर सूचना आधारित पत्रकारिता और जनहित आधारित पत्रकारिता के बीच है। आंकड़े जरूरी हैं, लेकिन आंकड़ों का सामाजिक अर्थ समझना उससे भी अधिक जरूरी है। संस्थानों की उपलब्धियों के साथ उनकी कमियों, सरकारी दावों के साथ उनके वास्तविक परिणामों और नीतियों के साथ उनके लाभार्थियों की स्थिति सामने लाना ही पत्रकारिता को अधिक सार्थक बनाता है।
संविधान से जुड़कर ही मजबूत होगी पत्रकारिता
संविधान दिवस केवल संविधान को याद करने या उसकी प्रस्तावना पढ़ने का अवसर नहीं है। यह उन मूल्यों को अपने काम और व्यवहार में उतारने का भी समय है, जिनके आधार पर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था खड़ी है। पत्रकारिता के लिए इसका अर्थ है कि हर खबर को केवल घटना के रूप में नहीं, बल्कि उसके सामाजिक प्रभाव और नागरिक अधिकारों के संदर्भ में भी देखा जाए।
जब कोई पत्रकार शिक्षा व्यवस्था की कमियों को सामने लाता है, तो वह केवल स्कूल या कॉलेज की समस्या नहीं बताता, बल्कि समान अवसर और शिक्षा के अधिकार से जुड़े सवाल उठाता है। जब वह किसी सरकारी योजना की जमीनी पड़ताल करता है, तो वह जवाबदेही की मांग करता है। जब वह पीड़ित की गरिमा और किसी समुदाय की पहचान का सम्मान करता है, तो वह समानता और बंधुत्व की संवैधानिक भावना को मजबूत करता है।
संविधान की रोशनी में पत्रकारिता का दायरा खबर देने से आगे बढ़कर समाज को जागरूक करने, संस्थाओं को जवाबदेह बनाने और नागरिकों के अधिकारों की पड़ताल करने तक पहुंच जाता है। यही वह बदलाव है, जिसकी आज पत्रकारिता को जरूरत है। क्योंकि मजबूत पत्रकारिता केवल लोकतंत्र की आवाज नहीं होती, बल्कि लोकतंत्र को जीवित और जवाबदेह बनाए रखने की एक अनिवार्य शर्त भी होती है।
(इस लेख में व्यक्त विचार/ विश्लेषण लेखक के निजी हैं। इसमें शामिल तथ्य तथा विचार/ विश्लेषण वेबदुनिया के नहीं हैं और वेबदुनिया इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेती है।)
(इस लेख में व्यक्त विचार/ विश्लेषण लेखक के निजी हैं। इसमें शामिल तथ्य तथा विचार/ विश्लेषण वेबदुनिया के नहीं हैं और वेबदुनिया इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेती है।)

