गोभी में केमिकल की मिलावट कैसे पहचानें? खरीदने से पहले जान लें ये तरीके, यहां करें शिकायत
ठंड में गोभी, मैथी, पालक और मूली की खूब आवक होती है। गोभी को तरोताजा या साफ सुधरा दिखाए जाने के लिए कुछ व्यापारियों द्वारा केमिकल का प्रयोग किए जाने की संभावना जताई जाती रही है। कहते हैं कि बाजार में बिकने वाली गोभी को चमकदार या ताजा दिखाने के लिए कई बार अत्यधिक कीटनाशकों, रसायनों या ब्लीचिंग/सफाई वाले घोल के संपर्क में रखा जा सकता है। ऐसी गोभी से पेट, त्वचा या सेहत से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं, इसलिए खरीदते और पकाते समय सतर्क रहना जरूरी है।
केमिकल युक्त गोभी के संकेत
अस्वाभाविक सफेदी और चमक: प्राकृतिक रूप से उगी फूलगोभी का रंग हल्का क्रीम या ऑफ-व्हाइट होता है। एकदम बर्फ जैसी चमकदार सफेदी या अजीब सी चिकनाई होने पर सावधान रहें।
तीखी या रासायनिक गंध: ताजी गोभी की अपनी हल्की स्वाभाविक महक होती है। यदि इसमें से तेज, रासायनिक या दवा जैसी गंध आए तो इस्तेमाल से बचें।
सख्त या असामान्य बनावट: बहुत अधिक सख्त, सूखी या अजीब तरह से चिपचिपी परत वाली गोभी संदिग्ध हो सकती है।
खरीद, सफाई और शिकायत के नियम
खरीदते समय ध्यान रखें: बहुत अधिक चमकदार या परफेक्ट दिखने वाली गोभी के बजाय सामान्य रंग-रूप और कसी हुई कलियों वाली गोभी चुनें। फूलों के बीच काले धब्बे या कीड़े के निशान भी जांचें।
सही धुलाई और पकाना: टुकड़ों को अलग कर बहते पानी से धोएं और जरूरत के अनुसार गुनगुने नमक या सिरके वाले पानी में कुछ देर भिगोकर साफ करें। हालांकि रसायनिक अवशेषों की पक्की पुष्टि केवल लैब जांच से ही संभव है।
शिकायत कैसे करें: संदिग्ध या मिलावटी सब्जी मिलने पर बिल, फोटो और विक्रेता के विवरण के साथ FSSAI के Food Safety Connect ऐप/पोर्टल या हेल्पलाइन 1800-11-2100 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

