1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. मेरा ब्लॉग
  4. A parent's love is most beautiful legacy for children

माता-पिता का प्रेम; बच्चों की सबसे खूबसूरत विरासत

Parental love
किसी बच्चे के लिए इससे खूबसूरत स्मृति क्या हो सकती है कि उसने अपने माता-पिता को एक-दूसरे से प्रेम करते, हाथ थामते और छोटी-छोटी बातों में अपना स्नेह जताते देखा हो? बच्चे प्रेम की परिभाषा किताबों से नहीं, अपने घर से सीखते हैं। मां-बाप का एक-दूसरे के प्रति व्यवहार ही उनके भीतर रिश्तों की पहली तस्वीर बनाता है।
 
हाल ही में राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के अवसर पर अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ी कुछ आत्मीय यादें साझा कीं। उन्होंने कैंब्रिज के उस रेस्टोरेंट का जिक्र किया, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे। वर्षों बाद वे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ भी उसी रेस्टोरेंट में गए थे।
 
उन्होंने यह भी बताया कि बचपन में लंच या डिनर के दौरान उनकी मां सोनिया गांधी कभी-कभी पिता राजीव गांधी की गोद में बैठ जाया करती थीं। उनके लिए यह बिल्कुल सामान्य था। दूसरे परिवारों में माता-पिता को इस तरह आत्मीयता जताते न देखकर उन्हें आश्चर्य होता था।
 
बस, एक सहज पारिवारिक स्मृति सार्वजनिक बहस का विषय बन गई। किसी को यह अटपटा लगा, किसी को असहज और किसी ने इसे संस्कारों से जोड़ दिया। लेकिन सवाल है कि आखिर एक बेटा अपने माता-पिता के प्रेम की स्मृतियां साझा करे तो इसमें अनुचित क्या है?
 
दिलचस्प बात यह है कि जिस आत्मीयता को लेकर आज इतना संकोच दिखाई देता है, उसकी सुंदर अभिव्यक्ति हमारी अपनी संस्कृति में सदियों से मौजूद है।
 
भगवान शिव और माता पार्वती के उमा-महेश्वर स्वरूप को देखिए। भारतीय मंदिरों की प्राचीन मूर्तिकला में माता पार्वती को भगवान शिव की गोद में विराजमान दिखाया गया है। कहीं दोनों एक-दूसरे के निकट बैठे हैं, कहीं शिव ने पार्वती को अपनी बांहों में थाम रखा है। यह केवल धार्मिक आस्था का चित्रण नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और दांपत्य की आत्मीयता का भी प्रतीक है।
 
शिव का अर्धनारीश्वर स्वरूप तो स्त्री और पुरुष की समानता, सहभागिता और एकात्मता का अद्भुत दर्शन कराता है। फिर वास्तविक जीवन में पति-पत्नी के बीच प्रेम की सहज अभिव्यक्ति को लेकर इतना संकोच क्यों?
 
हर परिवार की अपनी संस्कृति और अपने तरीके होते हैं। जरूरी नहीं कि हर कोई एक ही तरह से प्रेम व्यक्त करे। लेकिन प्रेम जताने में शर्म कैसी? पत्नी का हाथ थामना, उसके प्रति सम्मान जताना, बच्चों के सामने उसकी तारीफ करना या कभी उसे अपने हाथों से खाना खिला देना- ये छोटे-छोटे व्यवहार रिश्तों को खूबसूरत बनाते हैं।
 
हम अक्सर चाहते हैं कि हमारे बच्चे बड़े होकर अपने जीवनसाथी का सम्मान करें, रिश्तों को समझें और परिवार को प्रेम से जोड़कर रखें। लेकिन वे यह सब उपदेशों से नहीं, हमारे व्यवहार से सीखेंगे। बच्चे देखते हैं कि पिता मां से कैसे बात करते हैं, मां पिता का कितना सम्मान करती हैं और दोनों असहमति के क्षणों में एक-दूसरे के साथ कैसा व्यवहार करते हैं। यही उनकी रिश्तों की पाठशाला है। इसलिए माता-पिता बच्चों को विरासत में केवल घर, संपत्ति और उपनाम नहीं देते, वे उन्हें रिश्ते निभाने का तरीका भी देते हैं।
 
आखिर बच्चों को प्रेम का अर्थ समझाने के लिए उपदेश देने की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी उन्हें बस अपने माता-पिता को एक-दूसरे से प्रेम करते हुए देखने की जरूरत होती है। क्योंकि जिस घर में माता-पिता एक-दूसरे का सम्मान और प्रेम करते हैं, वहां बच्चे केवल बड़े नहीं होते, वे प्रेम करना भी सीखते हैं।
अगला लेख
लघुकथा के पर्याय सतीश राठी की स्मृति में नौवाँ सम्मेलन संपन्न