सम्बंधित जानकारी
- कांग्रेस का तीखा आरोप, महाराष्ट्र में संविधान की धज्जियां उड़ाकर बनाई गई सरकार
- BJP ने महाराज शिवाजी की धरती पर किया 'फर्जिकल स्ट्राइक' : उद्धव ठाकरे
- मेरे पास नंबर, सरकार हम बनाएंगे, अजित के साथ जाने वाले विधायकों पर होगी कार्रवाई : शरद पवार
- चन्द्रकांत पाटिल का बड़ा बयान, 5 वर्षों तक रहेगी फडनवीस-अजित सरकार
- Live : Maharashtra में बड़े राजनीतिक उलटफेर पर शिवसेना-एनसीपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस
Prakash Javadekar | प्रकाश जावड़ेकर बोले, शिवसेना ने भ्रष्ट कांग्रेस के साथ जाकर लोगों को धोखा दिया
पुणे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार कमान संभालने के लिए देवेंद्र फडणवीस को बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को कहा कि भ्रष्टाचार का पर्यायवाची बन चुकी कांग्रेस के साथ जाकर शिवसेना ने राज्य के लोगों को धोखा दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की विरोधी है, फिर भी शिवसेना ने उसके साथ हाथ मिलाने का फैसला किया। फडणवीस ने शनिवार की सुबह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
इस घटनाक्रम से राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है, क्योंकि शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने के लिए पिछले कुछ दिन से चर्चा कर रही थीं। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने घोषणा भी कर दी थी कि मुख्यमंत्री पद के लिए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे तीनों दलों की पसंद हैं।
जावड़ेकर ने एक ट्वीट में कहा कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनने की बधाई और मुख्यमंत्री बनना लोगों के जनादेश का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि शिवसेना और कांग्रेस द्वारा पकाई जा रही खिचड़ी लोगों के जनादेश के खिलाफ थी।
जावड़ेकर ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि लोगों ने भाजपा गठबंधन को वोट दिया था। शिवसेना ने लोगों और जनादेश को धोखा दिया तथा राम मंदिर और वीर सावरकर का विरोध करने वाली कांग्रेस के साथ जाने का फैसला किया। शिवसेना भ्रष्टाचार की पर्यायवाची और आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस के साथ जाकर खुश थी।
मंत्री ने कहा कि शिवेसना का यह तर्क कितना बेतुका है कि यदि शिवसेना राकांपा के साथ जाए तो ठीक और यदि राकांपा के विधायक भाजपा के साथ आएं तो गलत। शनिवार को जिसका सम्मान हुआ, वह जनादेश है।
