भोपााल में मुस्लिम युवक से मारपीट पर बवाल, भीड़ का पथराव, पुलिस ने छोड़े़ आंसू गैस के गोले
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक मुस्लिम युवक की पिटाई और सार्वजनिक अपमान के मामले ने शहर का माहौल गर्मा दिया। घटना के विरोध में मंगलवार देर रात मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
पूरा मामला पिछले दिनों एक होटल में एक हिंदू लड़की के साथ मुस्लिम युवक के मिलने पर हिंदू संगठनों के लोगों द्वारा पिटाई औऱ अपमानित करने के साथ विवादित नारे लगाने के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। आरोप है कि मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की गई, उसके कपड़े फाड़े गए और चेहरे पर स्याही व गोबर पोतकर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुस्लिम समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया।
मंगलवार शाम को शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग काज़ियत परिसर में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने हमलावरों को रोकने का प्रयास नहीं किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी जुलूस के रूप में पुलिस कंट्रोल रूम की ओर बढ़े और नारेबाजी करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान पीरगेट और हमीदिया अस्पताल के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने पहले समझाइश देकर भीड़ को हटाने का प्रयास किया, लेकिन जब हालात काबू से बाहर होने लगे तो आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना को लेकर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस विधायकों की समझाइश के बाद लोग शांत हुए। वहीं शहर काजी ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो मुस्लिम समुदाय शहर बंद का आह्वान कर सकता है।
वहीं पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।....
और पढ़ें