भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में हो सकती है INDIA गठबंधन की रैली, कांग्रेस ने प्रशासन से 7 दिसंबर से मांगा मैदान
7 से 13 दिसंबर तक लाल परेड ग्राउंड की अनुमति के लिए भोपाल शहर कांग्रेस ने दिया आवेदन
राजधानी भोपाल में 12 दिसंबर को INDIA गठबंधन की प्रस्तावित रैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारी शुरु कर दी है। कांग्रेस लाल परेड ग्राउंड में रैली के साथ बोर्ड ऑफिस चौराहे से लाल परेड ग्राउंड तक मार्च भी निकालने की तैयारी कर रही है। भोपाल शहर कांग्रेस की ओर से लाल परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आवेदन दिया गया है। कांग्रेस ने आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं के लिए 7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक मैदान उपलब्ध कराने की मांग की है।
दिल्ली के बाहर पहली बार हो रही इंडिया गठबंधन की रैली के बहाने कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन करने की भी तैयारी में है। पार्टी 12 दिसंबर को बोर्ड ऑफिस चौराहे स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से वोट रक्षा मार्च भी निकालने की तैयारी में हैष यह मार्च लाल परेड ग्राउंड तक पहुंचेगा। इसके बाद यहां INDIA गठबंधन की संयुक्त सभा आयोजित किए जाने की तैयारी है।
इंडिया गठबंधन की रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित INDIA गठबंधन के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। ममता बनर्जी समेत अन्य विपक्षी नेताओं को भी लेकर चर्चाएं हैं।
दिल्ली में SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस इस अभियान को अलग-अलग राज्यों में ले जाने की तैयारी में है। मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य होगा, जहां दिल्ली के बाद INDIA गठबंधन के बैनर तले वोट रक्षा मार्च का बड़ा आयोजन होने जा रहा हैमतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोट से जुड़े मुद्दों को लेकर गठबंधन की ओर से 'वोट रक्षा मार्च' निकाला जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों के लिए कांग्रेस ने लाल परेड ग्राउंड की अनुमति मांगी है।

