1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Norway Royal Family Crisis

नॉर्वे के राजघराने में भूचाल: शाही परिवार के सदस्य पर पहली बार मुकदमा

Norwegian royal family
Norway Royal Family Crisis: पश्चिमी यूरोप के धुर उत्तर में स्थित नॉर्वे, यूरोप के उन 7 प्रमुख राजशाही देशों में से एक है, जहां सरकारें तो जनता के मतदान द्वारा बनती हैं, पर वे काम करती हैं देश के राजा या रानी के नाम पर। इन 7 देशों - ब्रिटेन, स्पेन, बेल्जियम, नीदरलैंड, डेनमार्क, स्वीडन और नॉर्वे में - सत्ता के शिखर पर राष्ट्रपति के बदले कोई राजा या रानी होती है। लगभग 56 लाख की जनसंख्या वाला नॉर्वे, यूरोप का एक ऐसा ही देश है।
 
शायद ही कभी चर्चा में रहने वाले इस बहुत ही सुखी और संपन्न देश का राजघराना, चुल्लू भर पानी में डूब मरने लायक एक ऐसे धर्मसंकट में फंस गया है, जिससे वहां की जनता बहुत ही क्षुब्ध और उद्वेलित है। हुआ यह है कि नॉर्वे के शाही परिवार के एक सदस्य पर पहली बार मुकदमा चल रहा है। वह, नॉर्वे के भावी राजा 52 वर्षीय युवराज हाकोन माग्नुस की पत्नी, मेत्थ मारित (Mette Marit) के हाकोन के साथ विवाह से पहले का, इस समय 29 वर्षीय बेटा मारियुस बोर्ग ह्यिबी (Marius Borg Høiby) है। उस पर कई प्रकार के अपराधों के 38 आरोपों के कारण 3 फरवरी से अदालती सुनवाई शुरू हुई है। अगली सुनवाई से पहले उसे 3 मार्च तक के लिए जेल में भेज दिया गया है।
 
आरोपों की लंबी सूची : मारियुस पर लगे आपराधिक आरोपों की लंबी सूची में एक में हैः यौन संबंध सहित चार मामलों में बलात्कार के अलावा घरेलू हिंसा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, मादक पदार्थों से संबंधित अपराध और यातायात नियमों का उल्लंघन। कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने और उनकी जानकारी या सहमति के बिना उनका वीडियो बनाने का भी आरोप है। मारियुस ने सबसे गंभीर आरोपों वाले अपराधों से इनकार किया। मुकदमा शुरू होने से कुछ ही समय पहले, उसे मारपीट और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने सहित अन्य आरोपों के कारण फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
 
अभियोग पत्र में कहा गया है कि कथित पीड़ित ऐसी स्थिति में थे जहां वे 'नींद और/या नशे की हालत' के कारण अपना बचाव करने में असमर्थ थे। आने वाले हफ्तों में इस बात को स्पष्ट करना मुख्य सवालों में से एक होगा। कई गवाहियों, वीडियो रिकॉर्डिंगों, तस्वीरों, लिखित संदेशों और फिटनेस ट्रैकर्स से प्राप्त तथ्यों से इस मामले पर और अधिक प्रकाश पड़ने की उम्मीद है। भावी सुनवाइयों में पीड़ितों के अलावा, विभिन्न पक्षों के मित्र, पड़ोसी और परिचित, साथ ही विशेषज्ञ भी गवाही देंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए, कई गवाहियों को बंद कमरे में दर्ज किया जाएगा।
 
मीडिया की भारी दिलचस्पी : इस सारे मामले में मीडिया की दिलचस्पी बहुत अधिक दिखी: सुनवाई के पहले दिन लगभग 200 पत्रकार उपस्थित थे। बचाव पक्ष की महिला वकील ने पिछले डेढ़ साल से मारियुस के खिलाफ चलाए जा रहे कथित 'मीडिया दुष्प्रचार' का जिक्र करते हुए कहा, 'मेरी राय में, मीडिया की कोई भी कोशिश सफल नहीं हुई है।' इससे उनके मुवक्किल के लिए स्थिति बहुत कठिन हो गई है। लेकिन: 'हर किसी की तरह, दोषी साबित होने तक वह निर्दोष है।'
 
सरकारी अभियोजक ने अदालती सुनवाई के आरंभ में बताया कि मारियुस के कथित यौन अपराध क्या हैं और कैसे किए गए। उदाहरण के लिए, एक महिला का यौन उत्पीड़न, युवराज और युवराज्ञी के महल में किया गया। मारियुस ने उस महिला को, अपने कई अन्य दोस्तों के साथ एक पार्टी के बाद वहां बुलाया था। जांचकर्ताओं ने बाद में उसके स्मार्टफोन से चार वीडियो क्लिप और तस्वीरें बरामद कीं, जिन्हें अदालत में बंद कमरे में दिखाया जाना था।
बलात्कार सहित कई आरोप : मारियुस पर, नॉर्वे के लोफोतेन द्वीपसमूह में रहने के दौरान, सोती हुई एक अन्य महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप है। हालांकि, बलात्कार से पहले दोनों के बीच कई बार आपसी सहमति से यौन संबंध भी बने थे। सरकारी अभियोजक ने अदालत में यह भी बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पूर्व प्रेमिका का बार-बार गला दबाया, उसे मारा-पीटा और चीखा-चिल्लाया। बलात्कार के अलावा अन्य आरोप हैं घरेलू हिंसा, दूसरों की संपत्ति को क्षति पहुंचाना, मारपीट, निषेधाज्ञा का उल्लंघन, मादक पदार्थों से संबंधित अपराध और यातायात नियमों का उल्लंघन।
 
नॉर्वे के राज परिवार से जुड़े इस 29 वर्षीय युवक की अदालती सुनवाई के समय वहां उसके प्रसिद्ध परिवार की ओर से कोई मौजूद नहीं था। उसकी मां, युवराज्ञी मेत्थ मारित ने एक निजी यात्रा पर जाने की घोषणा कर रखी थी। युवराज हाकोन ने पहले ही कह रखा था कि उनकी कई दूसरी प्रतिबद्धताएं हैं। शाही परिवार के बारे में कहा जाता है कि, उसने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि मामला अब न्यायपालिका के हाथों में है। फैसला सुनाना अदालत का काम है। 'वे मारियुस के साथ-साथ इस मामले से प्रभावित सभी महिलाओं के लिए भी निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद करते हैं।'
 
संकट और अधिक गहराया : इसी बीच, नॉर्वे के शाही परिवार का संकट और अधिक गहरा गया है। अमेरिकी यौन शोषण अपराधी, जेफरी एपस्टीन वाले मामले से संबंधित नए दस्तावेजों के सामने आने से पता चला है, कि भावी रानी मेत्थ मारित का - इस बीच दुनिया से जा चुके - इस यौन अपराधी के साथ ईमेल से वर्षों तक चला करीबी संपर्क था। दस्तावेजों में मेत्थ मारित का नाम एक-दो नहीं, सैकड़ों बार देखने मैं आता है। इस भंडाफोड़ ने नॉर्वे की भावी रानी के प्रति ही नहीं, राजपरिवार और राजशाही के प्रति भी, वहां के निवासियों के भरोसे को झकझोर दिया है।
 
53 वर्षीय मेत्थ मारित का अब 29 वर्ष का हो चुका कुख्यात बेटा मारियुस बोर्ग ह्यिबी, युवराज हाकोन माग्नुस के साथ उनके विवाह से पहले, 13 जनवरी 1997 को पैदा हुआ था। उसके असली पिता का नाम मोर्त्थन बोर्ग है। मेत्थ मारित और युवराज हाकोन का अपसी परिचय 1999 में एक संगीत महोत्सव के समय हुआ था। विवाह हुआ 25, अगस्त 2001 को। यानी, मारियुस का जन्म दोनों के विवाह से चार साल पहले ही हो गया था। इसलिए, वह राजपरिवार का आधिकारिक सदस्य नहीं है। शायद इसलिए भी वह शुरू से ही एक विद्रोही बन गया। राजपरिवार में कभी घुल-मिल नहीं पाया। उसका विद्रोही अक्खड़ स्वभाव, समय के साथ राजपरिवार के लिए बोझ, शर्म और बदनामी का ही नहीं, जनता के बीच असंतोष का भी एक बड़ा कारण बन गया है। भारी धर्मसंकट में पड़ा राजपरिवार मारियुस को न तो निगल पा रहा है और न उगल पा रहा है।
ये भी पढ़ें
क्या अमूल की तरह कामयाबी के झंडे गाड़ेगी सहकारी भारत टैक्सी?