एपस्टीन फाइल्स पर सवाल पूछते ही महिला रिपोर्टर पर भड़के ट्रंप, गु्स्से में यह क्या कह गए?
Trump CNN Reporter Clash : जेफरी एपस्टीन फाइल से जुड़े खुलासों से पूरी दुनिया में भूचाल मचा हुआ है। इस मामले में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ट्रंप से एपस्टीन फाइल को लेकर जब एक महिला रिपोर्ट ने सवाल पूछा तो वह उस पर बुरी तरह भड़क उठे और उसे भला-बुरा कहने लगे।
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने सीएनएन की महिला पत्रकार केटलिन कोलिंस पर बुरी तरह झल्ला गए। उन्होंने कहा कि मैं तुम्हें दस साल से जानता हूं। तुम बहुत खराब रिपोर्टर हो। मुझे नहीं लगता कि मैंने तुम्हारे चेहरे पर कभी मुस्कान देखी है। तुम्हें पता है तुम क्यों नहीं मुस्कुरा रहे हो? क्योंकि तुम जानते हो कि तुम सच नहीं बोल रहे हो। तुम एक बहुत ही बेईमान संगठन हो, और उन्हें तुम पर शर्म आनी चाहिए। तुम्हारे चैनल की टीआरपी बहुत खराब है। कोई उसे पसंद नहीं करता।
ट्रंप से क्या था महिला पत्रकार का सवाल
सीएनएन की पत्रकार केटलिन कॉलिन्स ने ट्रंप से पूछा कि क्या आपने एपस्टीन से जुड़े हाल में जारी दस्तावेज देखे हैं? इस सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, 'नहीं'। मेरे पास बहुत काम है। तुमने जिन नामों का जिक्र किया है, मुझे यकीन है वे ठीक होंगे, वरना बड़ी सुर्खियां बन चुकी होतीं।'
एपस्टीन फाइल्स में कौन से राज
अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने पिछले शुक्रवार यानी 30 जनवरी को एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट के तहत 30 लाख से अधिक पेज जारी किए थे। इसमें राष्ट्रपति ट्रंप का नाम सैकड़ों-हजारों बार आया है। इनमें एफबीआई द्वारा संकलित यौन शोषण के आरोपों की सूची, ईमेल, फोटो और अन्य सामग्री शामिल है।
इस बीच डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांच ने दावा किया कि दस्तावेजों की समीक्षा पूरी हो चुकी है और ट्रंप पर कोई आपराधिक गतिविधि का संकेत नहीं मिला। उन्होंने कहा कि एपस्टीन के ईमेल में ट्रंप को बदनाम करने की कोशिशें हैं, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं।
edited by : Nrapendra Gupta