कराची में धुरंधर के रहमान डकैत का बेटा जिब्रान गिरफ्तार, बाप ल्यारी का डॉन था, बेटे के ये थे काले कारनामे
Rehman Dakait Son Arrested: कराची पुलिस ने मारे जा चुके ल्यारी गैंगस्टर अब्दुल रहमान उर्फ रहमान डकैत के बेटे को कराची में गिरफ्तार कर लिया है। यह वही रहमान डकैत है जिसके किरदार को हाल ही में 2025 की ब्लॉकबस्टर बॉलीवुड फिल्म धुरंधर में दिखाया गया था। इस किरदार को निभाने के बाद अक्षय खन्ना खुद लाइम लाइट में आ गए हैं। बता दें कि अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत की भूमिका निभाई है।
इस फिल्म के बाद रहमान डकैत चर्चाओं में आ गया है। उसे लेकर मीडिया में कई तरह की खबरें आ रही हैं। अब उसके बेटे जिब्रान का पाकिस्तान की पुलिस ने धर लिया है। जानते हैं कौन है जिब्रान और क्या है उसके काले कारनामें।
पाकिस्तान के न्यूज पेपर डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के एक बयान में कहा गया कि कालाकोट पुलिस ने रहमान डकैत के बेटे जिब्रान को पकड़ लिया है और उसके पास से एक अवैध पिस्तौल बरामद की है। बयान में कहा गया है कि पकड़ा गया संदिग्ध एक आदतन अपराधी था, जिसे पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार किया गया था और जेल भेजा गया था।
जिब्रान के काले कारनामे : बता दें कि जिब्रान के खिलाफ ल्यारी के कलाकोट थाने में 2023 और 2024 के बीच दो एफआईआर दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि वह ड्रग तस्करी, फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है। वह ल्यारी में अपराधियों का एक गिरोह बनाने की कोशिश कर रहा था। उसकी रिहाई के बाद भी वह पुरानी हरकतों पर लौट आया था, जिसके चलते पुलिस ने फिर से उस पर नजर रखी और कार्रवाई की है।
डकैत ल्यारी गैंग का सबसे बड़ा चेहरा : साल 2023 और 2024 के बीच ल्यारी के कालाकोट पुलिस स्टेशन में रहमान डकैत के बेटे खिलाफ दो FIR दर्ज की गई थीं। बता दें कि रहमान डकैत को 2009 में कराची पुलिस ने उसके तीन साथियों के साथ मार गिराया था। वह कथित तौर पर 80 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल था और कराची के सबसे अधिक आबादी वाले और सबसे पुराने इलाकों में से एक ल्यारी के गैंगवर्ल्ड में सबसे बड़ा चेहरा माना जाता था। 2024 में उसके बड़े बेटे सरबन को भी कराची में हुए एक पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया था।
तीन पत्नियों से कई बच्चे : डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक रहमान डकैत की तीन पत्नियों से कई बेटे और बेटियां थीं। सरबन उसकी दूसरी पत्नी से था, जिसके रहमान से तीन और बेटे थे। रहमान की मौत के बाद दूसरी पत्नी ने एक स्थानीय बिल्डर से शादी कर ली थी। इसके बाद सरबन पहले जहानाबाद में अपने पिता के प्रतिद्वंद्वी गिरोह में शामिल हुआ था, लेकिन बाद में रैक्सर लेन चला गया और चाकीवारा में रहने लगा। उन्होंने कहा कि सरबन ने अन्य गैंगस्टरों के साथ मिलकर इलाके में ड्रग्स के अड्डे स्थापित किए थे। इसके कारण ल्यारी में ड्रग्स का व्यापार कई गुना बढ़ गया था।
Edited By: Naveen R Rangiyal