रणवीर सिंह की नई फिल्म धुरंधर अपने रिलीज़ के बाद से लगातार चर्चा में बनी हुई है। दर्शकों के बीच सबसे ज्यादा जिस चीज की चर्चा है, वह है अक्षय खन्ना का दमदार और यादगार किरदार रहमान डकैत, जो पाकिस्तान का एक खतरनाक अपराधी और नेता दिखाया गया है। फिल्म में उनकी एंट्री ने थिएटर में मौजूद दर्शकों को ही नहीं, बल्कि पूरे सोशल मीडिया को हिला दिया है। इस सीन को लेकर इतनी चर्चा बढ़ गई कि फिल्म के मेकर्स को खुद इसकी क्लिप X पर शेयर करनी पड़ी, ताकि बढ़ते बज़ का फायदा उठाया जा सके।
Bahraini रैप ट्रैक FA9LA पर अक्षय का स्टाइलिश अंदाज वायरल
अक्षय खन्ना की एंट्री उस समय होती है, जब FA9LA ट्रैक बैकग्राउंड में बजता है। काले रंग के सूट में, कार से उतरते ही उनका जिस तरह का स्वैग नजर आता है, उसने फैन्स को दीवाना बना दिया है। सीन में वह एक इवेंट जैसी जगह में प्रवेश करते हैं, सलाम करते हैं और फिर परफॉर्मर्स को देखते हुए कुछ स्टेप खुद भी कर लेते हैं। उनका यह छोटा-सा डांस मूव सोशल मीडिया पर धमाका कर गया है। कई फैन्स इसे सीधी तुलना में Bobby Deol के Jamal Kudu मोमेंट जैसा बता रहे हैं।
इंटरनेट पर फैंस की जबरदस्त प्रतिक्रियाएं
पोस्ट के वायरल होते ही लोगों ने कमेंट सेक्शन में तारीफों की झड़ी लगा दी। गाने को भी भारी तारीफ मिली है, और लोग इसे “क्रेज़ी सॉन्ग, ऑसम अक्षय” जैसे कमेंट्स के साथ शेयर कर रहे हैं।
सीन में कोई कोरियोग्राफी नहीं थी: सबकुछ अक्षय ने खुद किया
फिल्म में उस किरदार के साथ एक और दिलचस्प बात जुड़ी है, अभिनेता दानिश पंडोरर, जिन्होंने फिल्म में उजैर बलोच का किरदार निभाया है, उन्होंने बताया कि अक्षय का यह पूरा डांस इम्प्रोवाइज्ड था। शूट के दौरान अचानक अक्षय ने निर्देशक आदित्य धर से पूछा, “क्या मैं डांस कर सकता हूं?” और निर्देशक ने कहा "जो मन करे करो।" इसके बाद अक्षय ने जो किया, वह सीधा कैमरे पर कैद होकर वायरल हो गया।
FA9LA गाना भी हुआ फिर से ट्रेंड में
FA9LA, जिसे 2024 में गल्फ बेस्ड रैपर Flipperachi ने रिलीज़ किया था, अब धुरंधर की वजह से फिर से चर्चा में आ गया है। रणवीर सिंह ने भी इंस्टाग्राम पर इस ट्रैक को शेयर कर इसे और वायरल बना दिया।
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
धुरंधर की कहानी पाकिस्तान के ल्यारी क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के भीतर काम कर रहे एक भारतीय जासूस पर आधारित है। इसमें रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना के अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।